40 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में दबोचा:पैर में गोली लगने के बाद भी भागने की कोशिश, हथियार बरामद

40 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में दबोचा:पैर में गोली लगने के बाद भी भागने की कोशिश, हथियार बरामद

डीग जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डीग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 40 हजार रुपए के इनामी बदमाश डालचंद उर्फ डालू को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पर फायरिंग करने वाले इस बदमाश के पैर में जवाबी कार्रवाई के दौरान गोली लगी, लेकिन घायल होने के बावजूद उसने भागने की कोशिश की। आखिरकार पुलिस टीम ने जान जोखिम में डालकर उसे दबोच लिया। आरोपी पर चोरी समेत कई गंभीर मामलों के 15 मुकदमे दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। बड़ी वारदात की फिराक में घूम रहा था बदमाश पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के. के निर्देश पर जिले में अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) और कामां थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। शुक्रवार रात डीएसटी प्रभारी उप निरीक्षक बीरेन्द्र सिंह को कामां थाने के कांस्टेबल बृजेश से पुख्ता सूचना मिली कि कामां थाने के मुकदमा नंबर 136/2026 में वांछित और भरतपुर रेंज के महानिरीक्षक द्वारा घोषित इनामी अपराधी डालचंद उर्फ डालू क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है। पुलिस ने की घेराबंदी, भागते समय बाइक से गिरा आरोपी सूचना मिलते ही डीएसटी प्रभारी बीरेन्द्र सिंह अपनी टीम के साथ सक्रिय हो गए। पुलिस ने कलावटा के पहाड़ों के पास खूनी नहर की पुलिया के आसपास घेराबंदी कर दी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी भागने लगा। भागने की जल्दबाजी में आरोपी का संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा। पुलिस पर तीन राउंड फायर, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली गिरने के बाद बदमाश डालू ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने अपने पास मौजूद अवैध देशी कट्टे से पुलिस पर सीधे तीन राउंड फायर किए। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई, लेकिन पुलिस टीम ने साहस और सतर्कता दिखाते हुए खुद को सुरक्षित रखा। आत्मरक्षा और पुलिस जाप्ते की सुरक्षा के लिए डीएसटी प्रभारी एसआई बीरेन्द्र सिंह ने अपनी सरकारी पिस्टल से जवाबी फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में चली गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल होने के बाद भी भागने लगा, कांस्टेबल बृजेश ने दबोचा गोली लगने के बावजूद बदमाश ने मौके से भागने की कोशिश की। इस दौरान कांस्टेबल बृजेश ने अपनी जान जोखिम में डालकर आरोपी का पीछा किया और उसे दबोच लिया। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में चर्चा हो रही है। मौके से हथियार और कारतूस बरामद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा (315 बोर), चैंबर में फंसा एक खाली खोखा, मौके पर पड़े दो खाली खोखे, जेब से दो जिंदा कारतूस और एक बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। ई-साक्ष्य ऐप से की गई वीडियोग्राफी घटनास्थल पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 105 के तहत ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से वीडियोग्राफी कर डिजिटल साक्ष्य भी सुरक्षित किए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 121(1), 109(1), 32 तथा आर्म्स एक्ट के तहत कामां थाने में मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी का इलाज राजकीय उप जिला अस्पताल, कामां में पुलिस निगरानी में चल रहा है। मामले की आगे की जांच उप निरीक्षक अन्तूलाल कर रहे हैं। ऑपरेशन में शामिल रही पुलिस टीम कार्रवाई में उप निरीक्षक बीरेन्द्र सिंह, डीएसटी प्रभारी, कांस्टेबल बृजेश, थाना कामां (विशेष भूमिका), कांस्टेबल रामबीर, कांस्टेबल परशराम शामिल रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *