पनियाला थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी के एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 15 महीने बाद चोरी का माल भी बरामद कर लिया है, जिसमें बड़ी गाड़ियों के 10 टायर शामिल हैं। चोरी की घटना में प्रयुक्त एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी जब्त किया गया है। थानाधिकारी रणवीर सिंह ने बताया – 26 फरवरी को विवेक कुमार (40) पुत्र रमेश चंद सोनी निवासी तिरुपति लॉजिस्टिक्स, सांगटेड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी नई गाड़ियों के लिए रिम सहित 10 टायर वर्कशॉप के बाहर रखे थे, जिन्हें 25 फरवरी की रात अज्ञात व्यक्तियों ने चुरा लिया था। मामले की जांच शुरू की गई और पहले पवन कुमार, इंद्रपाल, सुरेश उर्फ आडू और मंजीत उर्फ पटवारी को गिरफ्तार किया गया था। इस चोरी का मुख्य सरगना भजन उर्फ राजू बावरिया घटना के बाद से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। हरियाणा से प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वांछित आरोपी भजन उर्फ राजू बावरिया (39) पुत्र हुकुम चंद बावरिया निवासी कलरभैणी, उकलाना, हिसार (हरियाणा) भौंडसी जेल, गुरुग्राम (हरियाणा) में बंद है। पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर उसे नियमानुसार गिरफ्तार किया और पूछताछ की। आरोपी भजन उर्फ राजू बावरिया से गहन पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए 10 टायर (8 रिम सहित और 2 बिना रिम के) हरियाणा के हिसार जिले से बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, आरोपी भजन उर्फ राजू बावरिया के खिलाफ विभिन्न धाराओं में कुल 45 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।


