वडोदरा में एसएसजी अस्पताल के कोल्ड रूम में रखा शव सड़ी हुई हालत में मिला

वडोदरा में एसएसजी अस्पताल के कोल्ड रूम में रखा शव सड़ी हुई हालत में मिला

पुत्र अमरीका से मां के अंतिम दर्शन के लिए आया तब हुआ खुलासा, मामला पुलिस तक पहुंचा

वडोदरा. शहर के एसएसजी अस्पताल के कोल्ड स्टोरेज में रखे गए एक महिला के शव के सड़ जाने (डिकम्पोज होने) की चौंकाने वाली घटना सामने आई। इस पर परिजनों ने भारी आक्रोश व्यक्त करते हुए हंगामा किया। इस मामले में अस्पताल स्टाफ पर गंभीर लापरवाही और दुर्व्यवहार के आरोप भी लगाए गए।
जानकारी के अनुसार, महिला रंजनबेन व्यास को दिल का दौरा पड़ने के बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उनका एक पुत्र अमरीका में होने के कारण उसके लौटने के बाद अंतिम संस्कार करने का निर्णय लिया गया।
इस कारण शव को सुरक्षित रखने के लिए 27 अप्रेल को एसएसजी अस्पताल के कोल्ड रूम में रखा गया था। रंजनबेन का पुत्र बुधवार को अमरीका से वडोदरा लौटा और अंतिम दर्शन के लिए अस्पताल पहुंचा, तो परिवार स्तब्ध रह गया।
कोल्ड रूम में रखे होने के बावजूद शव बेहद खराब और सड़ी हुई हालत में मिला। शव से दुर्गंध आने के कारण परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। ड्रॉअर नंबर 1 से महिला की जगह किसी पुरुष का शव निकलने पर परिवार हैरान रह गया। काफी खोजबीन के बाद महिला का शव दूसरे ड्रॉअर से मिला।
परिजनों के अनुसार, मृत महिला का वजन 45-50 किलो से बढ़कर 150 किलो हो गया। जब उन्होंने इस लापरवाही पर जवाब मांगा, तो अस्पताल स्टाफ ने अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। इस कारण अस्पताल परिसर में माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर रावपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों को शांत कराया।
एसएसजी अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रंजन अय्यर के अनुसार, फैक्ट फाइंडिंग कमेटी बनाई जाएगी, यह घटना तकनीकी त्रुटि के कारण हुई है, पूरे मामले की जांच की जाएगी। पहले से ही मरम्मत के लिए जानकारी दी गई थी। डॉक्टरों पर हमला करना उचित नहीं है। तकनीकी स्टाफ से भी पूछताछ की जाएगी। वहीं डॉक्टरों के अनुसार, मृत महिला के परिजनों ने हम पर हमला किया। डॉक्टरों पर हमला करना सही नहीं है। हम शवों के मामले में संवेदनशील हैं, अधिक कोल्ड स्टोरेज की मांग की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *