6 साल की बच्ची से रेप, आरोपी फरार:घर के बाहर खेल रही थी, बहला-फुसलाकर झाड़ियों में ले गया

6 साल की बच्ची से रेप, आरोपी फरार:घर के बाहर खेल रही थी, बहला-फुसलाकर झाड़ियों में ले गया

लखीमपुर सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को छह वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। घटना की सूचना मिलने पर एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का मुआयना किया। जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर को बच्ची स्कूल से लौटने के बाद अपने घर के बाहर खेल रही थी। आरोप है कि इसी दौरान रत्तासरांय निवासी 34 साल का युवक वहां पहुंचा। वह बच्ची को बहला-फुसलाकर गांव के पास स्थित सुनसान झाड़ियों की तरफ ले गया। काफी देर तक जब बच्ची घर के आसपास नहीं दिखी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन करते हुए परिजन जब झाड़ियों की तरफ पहुंचे, तो आरोपी उन्हें आता देख मौके से झाड़ियों के रास्ते भागने में सफल रहा। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की। एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने स्थिति का जायजा लिया और फोरेंसिक टीम को साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए। पीड़ित परिवार की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।। एसएसपी खीरी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की त्वरित सुनवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *