श्योपुर शहर के पाली रोड स्थित सलापुरा में शुक्रवार रात एक ‘हिट एंड रन’ का मामला सामने आया है। श्योपुर-पाली हाईवे पर श्रीकृष्ण धर्मशाला के सामने एक तेज रफ्तार थार गाड़ी ने बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में पति-पत्नी और उनका मासूम बच्चा घायल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, श्योपुर के रहने वाले मनरूप बैरवा (36), अपनी पत्नी पिंकी और 4 साल के बेटे समर के साथ खंडार से वापस श्योपुर लौट रहे थे। शुक्रवार रात करीब 9 बजे, श्योपुर से पाली की तरफ जा रही एक लाल रंग की थार (MP 13 ZL 2091) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिर गए और उन्हें गंभीर चोटें आईं। थार ने सड़क किनारे खड़ी एक दूसरी बाइक को भी चपेट में ले लिया। गाड़ी छोड़कर भागा ड्राइवर हादसे के बाद थार का ड्राइवर गाड़ी को वहीं छोड़कर मौके से भाग निकला। आसपास के लोगों ने तुरंत तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां अभी उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दर्ज किया केस घटना की खबर मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और थार गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश की जा रही है।


