Tennis Elbow: कोहनी के बाहर बार-बार हो रहा दर्द, रोजमर्रा के काम भी बन सकते हैं टेनिस एल्बो की वजह, जानें कब डॉक्टर से मिलना जरुरी

Tennis Elbow: कोहनी के बाहर बार-बार हो रहा दर्द, रोजमर्रा के काम भी बन सकते हैं टेनिस एल्बो की वजह, जानें कब डॉक्टर से मिलना जरुरी

Tennis Elbow Symptoms: क्या पानी की बाल्टी उठाते, चाय का कप पकड़ते या दरवाजे की कुंडी घुमाते समय आपकी कोहनी के बाहरी हिस्से में तेज दर्द महसूस होता है? कई बार हम इसे सामान्य थकान या नस पर नस चढ़ना समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन अगर यह दर्द बार-बार हो रहा है और आपकी पकड़ कमजोर हो रही है, तो यह टेनिस एल्बो (Tennis Elbow) का संकेत हो सकता है। टेनिस एल्बो होने के बावजूद यह समस्या सिर्फ टेनिस खेलने वालों को ही नहीं, बल्कि घर और ऑफिस के आम काम करने वाले किसी भी इंसान को हो सकती है। आइए, एनएचएस (NHS), मेयो क्लिनिक और क्लीवलैंड क्लिनिक की रिसर्च के आधार पर इसे समझते हैं।

क्या होता है टेनिस एल्बो (Tennis Elbow)?

क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, टेनिस एल्बो को लैटरल एपिकॉन्डिलाइटिस (Lateral Epicondylitis) कहा जाता है। यह कोहनी के बाहरी हिस्से की मांसपेशियों और टेंडन (वह नस या टिश्यू जो मांसपेशी को हड्डी से जोड़ता है) में होने वाली सूजन या खिंचाव है। हमारी कलाई और उंगलियों को मोड़ने-घुमाने वाली मांसपेशियां कोहनी की एक हड्डी से जुड़ी होती हैं। जब हम कलाई का बार-बार एक ही तरह से इस्तेमाल करते हैं, तो उस जगह के टेंडन पर जरूरत से ज्यादा दबाव पड़ता है। इस वजह से वहां बारीक खिंचाव या कट आ जाते हैं और कोहनी के बाहरी हिस्से में दर्द और सूजन शुरू हो जाती है।

रोजमर्रा के ये काम भी बन सकते हैं वजह

मेयो क्लिनिक के मुताबिक, अक्सर लोग सोचते हैं कि जब उन्होंने कभी टेनिस रैकेट पकड़ा ही नहीं, तो उन्हें टेनिस एल्बो कैसे हो सकता है? सच तो यह है कि कलाई और हाथ का बार-बार होने वाला कोई भी एक जैसा मूवमेंट इस दर्द की वजह बन सकता है;

  • कपड़े निचोड़ना, झाड़ू-पोछा लगाना, भारी बर्तन उठाना, या पेचकश/पेच घुमाने वाले काम करना।
  • टाइपिंग और माउस का इस्तेमाल।
  • दीवारों पर पेंट करना, गार्डनिंग करना, कैंची चलाना या प्लंबिंग और हथौड़ा चलाने का काम।
  • सब्जी काटना या खाना बनाना।
  • टेनिस, बैडमिंटन या स्क्वैश जैसे खेल गलत तकनीक से खेलना या जिम में गलत तरीके से वजन उठाना।

टेनिस एल्बो के मुख्य लक्षण?

एनएचएस के अनुसार, टेनिस एल्बो का दर्द अचानक नहीं, बल्कि धीरे-धीरे शुरू होता है। समय के साथ यह दर्द बढ़ता जाता है। इसके मुख्य लक्षण ये हैं;

  • कोहनी के बाहरी हिस्से पर छूने या दबाने पर तेज दर्द महसूस होना।
  • कलाई को ऊपर-नीचे करने या घुमाने पर दर्द का बढ़कर बांह (forearm) तक जाना।
  • चीजों को पकड़ने की ताकत कम हो जाना (जैसे चाय का कप, पानी की बोतल या पेन पकड़ने में तकलीफ होना)।
  • सुबह उठने पर कोहनी और हाथ में जकड़न महसूस होना।
  • किसी से हाथ मिलाने (Handshake) पर कोहनी में तेज दर्द होना।

डॉक्टर से कब मिलना है बेहद जरूरी?

अगर आराम करने और बर्फ की सिकाई करने के बाद भी दर्द 2 हफ्ते से ज्यादा बना रहे, कोहनी में सूजन या लाली आ जाए, हाथ सीधा करने में बहुत तकलीफ हो, या फिर उंगलियों और हाथ में सुन्नपन या झुनझुनी महसूस होने लगे, तो बिना देर किए तुरंत किसी हड्डी के डॉक्टर (Orthopedist) या फिजियोथेरेपिस्ट से संपर्क करें।

दर्द से राहत पाने के उपाय और इलाज

  • हाथ को आराम दें।
  • दिन में 3-4 बार 15-20 मिनट के लिए कोहनी के दर्द वाले हिस्से पर बर्फ से सिकाई करें।
  • कोहनी के थोड़ा नीचे ब्रेस या स्ट्रैप पहनने से टेंडन पर पड़ने वाला दबाव कम हो जाता है।
  • डॉक्टर या फिजियोथेरेपिस्ट की सलाह से कलाई और बांह की हल्की स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज करें।

डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे कोई भी दवा, उपचार या नुस्खा अपनी मर्जी से ना आजमाएं। इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *