US-Iran War: जिस घर में गूंज रही थीं शादी की खुशियां, वहीं अमेरिकी हमले ने मचाया मातम; बच्चे समेत 4 की मौत

US-Iran War: जिस घर में गूंज रही थीं शादी की खुशियां, वहीं अमेरिकी हमले ने मचाया मातम; बच्चे समेत 4 की मौत

US Attack on Iran: ईरान के दक्षिणी हिस्से में एक घर शादी की खुशियों से गुलजार था। मेहमान जुटे हुए थे और शादी का समारोह चल रहा था। तभी अचानक अमेरिकी हमले ने पूरा माहौल बदल दिया। देखते ही देखते शादी का जश्न चीख-पुकार और मातम में बदल गया। होर्मोजगान प्रांत में हुए अमेरिकी हमले में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 50 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है।

कोहस्तक गांव में हुआ हमला

होर्मोजगान के उप-गवर्नर अहमद नफीसी ने बताया कि अमेरिका ने सिरिक काउंटी के तटीय गांव कोहस्तक में हमला किया। अमेरिका ने उस घर को निशाना बनाया, जहां शादी समारोह आयोजित किया जा रहा था। अमेरिकी हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। ईरानी मीडिया के मुताबिक, हमले में करीब 50 लोग घायल हुए हैं। कुछ घायलों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को इलाज के लिए मिनाब अस्पताल भेजा गया है। हमले में चार लोगों की मौत हुई है, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है।

एक महीने बाद फिर आमने-सामने अमेरिका और ईरान

होर्मुज स्ट्रेट को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ गया है। करीब एक महीने की शांति के बाद अमेरिका ने मंगलवार को ईरान पर फिर हमले किए। इससे मध्य पूर्व में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, ताजा हमलों में ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम, रडार सिस्टम, समुद्री ठिकानों, बारूदी सुरंगें बिछाने की क्षमता और संचार सुविधाओं को निशाना बनाया गया।

अमेरिका ने क्यों किए हमले?

अमेरिका ने ईरान पर किए गए हमलों को लेकर कहा है कि तेहरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यापारिक जहाजों और इलाके में मौजूद अमेरिकी सैनिकों को निशाना बनाने की कोशिश की थी। अमेरिका के मुताबिक, इसी के जवाब में ईरान पर ये हमले किए गए। उधर, ईरान ने भी मिसाइल और ड्रोन हमलों के जरिए अमेरिका को जवाब दिया है। ईरान ने जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया। हालांकि, जॉर्डन ने दावा किया है कि उसने अपनी सीमा की ओर दागी गई मिसाइलों को रोक दिया। संयुक्त अरब अमीरात ने भी अपने जलक्षेत्र में ईरानी ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है। इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *