मेरठ में पिछले कुछ दिनों से मौसम लगातार करवट बदल रहा है जिसके चलते लगातार तापमान में उतार चढ़ाव देखा जा रहा है। बीते दिन हुई बारिश के बाद ठंडी हवाओं ने जहां तापमान कम कर गर्मी से राहत दिलाई तो शुक्रवार सुबह साफ मौसम के साथ फिर से धूप खिली। मौसम विभाग के अनुसार आज दिन का अधिकतम तापमान 35 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
सुबह से ही तेज धूप निकलने के बाद दिन में गर्मी होने लगी लेकिन हवा चलने से लोगों को राहत मिली। हालांकि आज बारिश की फिलहाल कोई संभावना नहीं जताई गई है। बीते दिन मौसम ने अचानक करवट लेते हुए लोगों को राहत दी थी। सुबह जहां तेज धूप और उमस ने परेशान किया, वहीं दोपहर बाद बादल छाने के साथ हल्की बारिश और ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया। इस बदलाव से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई थी। कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के अनुसार, आने वाले दो-तीन दिनों तक मौसम में ऐसा ही उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। कभी बादल और हवाएं राहत देंगी तो कभी तेज धूप लोगों को परेशान करेगी। हालांकि, फिलहाल अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे ही रहने की संभावना है। हालांकि बादलों की मौजूदगी के बावजूद आज बारिश की संभावना काफी कम है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बदलाव अस्थायी है, और आने वाले दिनों में तापमान में फिर से बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमीय गतिविधियों के कारण हुआ है। उनका अनुमान है कि हल्की बारिश और बादलों की मौजूदगी से कुछ समय के लिए गर्मी से राहत बनी रह सकती है, हालांकि दिन चढ़ने के साथ तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है। फिलहाल, मौसम के इस बदले हुए मिजाज ने लोगों को तपती गर्मी से राहत की सांस जरूर दी है।


