वाराणसी: आदमपुर थाना क्षेत्र में एक किशोर की पीट-पीट कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि किशोर अपने परिवार के साथ पास के ही एक घाट पर माला फूल बेचने का काम करता था। इसी को लेकर विपक्ष के लोगों से परिवार का विवाद था। रविवार की देर रात घाट पर ही हुई कहासुनी के बाद किशोर की पीट पीट कर हत्या कर दी गई। इसके बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया।
जानकारी के मुताबिक, आदमपुर थाना क्षेत्र के तेलियानाला इलाके के रहने वाले नीरज केवट (17) की पीट-पीट कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि नीरज केवट पास के ही घाट पर अपने परिवार के साथ माला फूल बेचने का काम करता था। इसी को लेकर रविंद्र केवट के परिवार से उसका विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि रविंद्र केवट का परिवार चाहता था कि नीरज का परिवार घाट पर माला फूल ना बेचे। इसी को लेकर दोनों पक्ष कई बार आमने-सामने हुए थे।
मंडलीय अस्पताल में हंगामा
रविवार की देर रात एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और आरोप है कि रविंद्र केवट के परिवार के लोगों ने लाठी डंडे से पीटा,जिसके बाद नीरज गंभीर रूप से घायल हो गया। नीरज के परिवार के लोग उसे लेकर मंडलीय अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने नीरज को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार के लोगों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करना शुरू कर दिया।
घटना की जानकारी होने के बाद आदमपुर और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान परिजनों ने आरोप लगाया कि यदि पुलिस समय रहते कार्रवाई की होती तो नीरज की जान नहीं जाती। परिजनों ने बताया कि इसके पहले भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, जिसके बाद पुलिस से मामले में कार्रवाई करने की बात कही गई थी। परिवार का आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
क्या बोली पुलिस
घटना की जानकारी होने के बाद एसीपी कोतवाली मौके पर पहुंचे और परिजन से बातचीत के बाद मामले को शांत कराया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि परिवार ने पुलिस को तहरीर सौंपी है। तहरीर के आधार पर नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जल्दी सभी को गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल मृतक किशोर के शव को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, जिसका सोमवार (आज) को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।


