Railway Big Decision : रेलवे के नए फैसले के अनुसार एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-भगत की कोठी ट्रेन का आज से मोदरान स्टेशन पर ठहराव होगा। इसके साथ ही दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि को भी रेलवे ने बढ़ाया है। रेलवे ने यात्री सुविधाओं को देखते हुए सोमवार से एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-भगत की कोठी -एमजीआर चेन्नई सेंट्रल ट्रेन के मोदरान स्टेशन पर सप्ताह में पांच दिन ठहराव शुरू करने का निर्णय लिया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार भगत की कोठी-एमजीआर चेन्नई सेंट्रल ट्रेन 20 अप्रेल से, एमजीआर चेन्नई सेंट्रल- भगत की कोठी ट्रेन 21 अप्रेल से मोदरान स्टेशन पर आवाजाही के दौरान दो-दो मिनट का ठहराव करेगी।
दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि बढ़ाई
यात्री सुविधाओं को देखते हुए रेलवे ने दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि में विस्तार किया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यशवन्तपुर-बीकानेर-यशवन्तपुर वीकली स्पेशल ट्रेन यशवन्तपुर से 29 अप्रेल तक व बीकानेर से 2 जून तक, तिरूवनंतपुरम-मदार-तिरुवनंतपुरम वीकली स्पेशल ट्रेन तिरुवनंतपुरम से 3 जून तक व मदार से 6 जून तक संचालित होगी।
जयपुर होकर चलेगी हावड़ा स्पेशल ट्रेन
रेलवे ने अजमेर से वाया जयपुर होकर हावड़ा के लिए स्पेशल ट्रेन संचालित करने का निर्णय लिया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार मदार-हावड़ा साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 21 व 28 अप्रेल को (2 ट्रिप) मदार से मंगलवार को सुबह 6.40 बजे रवाना होकर बुधवार को शाम 4.20 बजे हावड़ा पहुंचेगी।
हावड़ा-मदार साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 22 व 29 अप्रेल को (02 ट्रिप) हावड़ा से बुधवार को शाम 6.50 बजे रवाना होकर गुरुवार को रात 11.55 बजे मदार पहुंचेगी। आवाजाही के दौरान किशनगढ़, जयपुर, बांदीकुई, भरतपुर, ईदगाह ,टूंडला, इटावा, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, गया ,पारसनाथ, आसनसोल, दुर्गापुर एवं वर्धमान स्टेशन पर ठहराव करेगी।
आज से इलेक्ट्रिक इंजन से दौड़ेगी जम्मूतवी एक्सप्रेस
जोधपुर भगत की कोठी-जम्मूतवी एक्सप्रेस अब इलेक्ट्रिक इंजन से संचालित की जाएगी। जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि गाड़ी संख्या 14803/04 का संचालन भगत की कोठी से 20 अप्रैल तथा जम्मूतवी से 21 अप्रैल से इलेक्ट्रिक इंजन से शुरू किया जाएगा। यह बदलाव रेलवे के विद्युतीकरण मिशन के तहत किया जा रहा है।
एक मई से मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन के बदल जाएंगे नंबर
जोधपुर.पश्चिमी राजस्थान को राजधानी दिल्ली से जोड़ने वाली जोधपुर-दिल्ली मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन की प्राइमरी मेंटेनेन्स अब जोधपुर में की जाएगी, ट्रेन की मेंटेनेन्स पहले दिल्ली में होती थी। ट्रेन के प्राइमरी मेंटेनेन्स की जिम्मेदारी पश्चिम रेलवे से बदलकर उत्तर पश्चिम रेलवे जोधपुर मंडल को सौंपी गई है। साथ ही, ट्रेन नंबरों में परिवर्तन किया गया है। जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि गाड़ी संख्या 22996 जोधपुर-दिल्ली मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस का नंबर परिवर्तित कर 22491 किया जा रहा है,जो 1 मई से प्रभावी होगा। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 22995 दिल्ली-जोधपुर का नंबर परिवर्तित कर 22492 किया जा रहा है,जो 2 मई से प्रभावी होगा। ट्रेन में 21 कोच होंगे।


