पीलीभीत में सड़क हादसे में घायल किशोर की मौत:14 दिन बाद इलाज के दौरान दम तोड़ा, आरोपी बाइक चालक पर केस दर्ज

पीलीभीत में सड़क हादसे में घायल किशोर की मौत:14 दिन बाद इलाज के दौरान दम तोड़ा, आरोपी बाइक चालक पर केस दर्ज

पीलीभीत के बिलसंडा थाना क्षेत्र में 14 दिन पहले हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। मृतक की मां की तहरीर पर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। यह घटना बिलसंडा थाना क्षेत्र के खजुरिया नवीराम जाने वाले मार्ग पर हुई थी। ग्राम खुटराया निवासी राजेश कुमार कश्यप का 16 वर्षीय पुत्र अमन कुमार अपनी रिश्तेदारी से बाइक से घर लौट रहा था। तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में अमन और दूसरी बाइक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। 14 दिन बाद हुई युवक की मौत घटना के बाद राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिलसंडा पहुंचाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अमन की हालत में सुधार न होने पर उसे बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार देर रात 14 दिनों के इलाज के बाद अमन ने दम तोड़ दिया। बुधवार को पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। बिलसंडा थाना अध्यक्ष सिद्धांत शर्मा ने बताया कि मृतक अमन की मां पुष्पा देवी ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। इस शिकायत के आधार पर बिलसंडा निवासी आरोपी बाइक चालक विकास गुप्ता (आढ़ती) के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *