तमिलनाडु विधानसभा चुनाव (Tamil Nadu Assembly Elections) में जीत दर्ज कर सरकार बनाने के बाद सीएम विजय (CM Vijay) के सामने राज्यसभा चुनाव की परीक्षा सामने आ गई है। चुनाव आयोग ने घोषणा की है कि तमिलनाडु से राज्यसभा (Tamil Nadu Rajya Sabha Elections) की एक खाली सीट को भरने के लिए द्विवार्षिक चुनाव 18 जून को होगा।
1 जून को जारी होगी चुनाव की अधिसूचना
राज्यसभा सीट के लिए चुनावी कार्यक्रम के अनुसार, चुनावी प्रक्रिया के लिए अधिसूचना 1 जून को जारी की जाएगी, जिसके साथ ही नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 8 जून तय की गई है, जबकि नामांकनों की जांच (स्क्रूटनी) 9 जून को की जाएगी। उम्मीदवार 11 जून तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। अगर जरूरत पड़ी तो मतदान 18 जून को होगा और उसी दिन वोटों की गिनती भी की जाएगी।
क्यों हो रहा चुनाव?
दरअसल, यह सीट सीवी शनमुगम के राज्यसभा से इस्तीफा देने के चलते खाली हुई है। शनमुगम ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में मैलम निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की थी।
सत्ताधारी गठबंधन में मंथन का दौर जारी
इस चुनाव के चलते सत्ताधारी गठबंधन के भीतर उम्मीदवारों के चयन और गठबंधन के समीकरणों पर मंथन का दौर शुरू हो गया है। टीवीके के इस चुनाव में उतरने पर पार्टी की संसद में प्रवेश करने की संभावना बढ़ जाएगी।
तमिलनाडु विधानसभा की वर्तमान प्रभावी सदस्य संख्या 233 है। ऐसे में किसी भी उम्मीदवार को जीत हासिल करने के लिए 117 विधायकों के समर्थन की जरूरत होगी। विधानसभा में अभी किसी भी पार्टी के पास स्वतंत्र बहुमत नहीं है। इसलिए टीवीके भी अपने सहयोगियों की तरफ आस लगा कर देख रही है।
संख्या बल के मामले में, टीवीके के नेतृत्व वाला गठबंधन फिलहाल बढ़त बनाए हुए प्रतीत होता है, जिससे इस सीट पर जीत हासिल करने की दौड़ में वह सबसे आगे है। हालांकि, अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या टीवीके इस सीट के लिए अपना उम्मीदवार ही उतारेगी या फिर गठबंधन प्रबंधन के तहत राज्यसभा की इस प्रतिष्ठित सीट को अपने किसी सहयोगी दल के लिए छोड़ देगी।


