Tamil Nadu में बिजली गिरने से 14 की मौत, पहाड़ी इलाकों में पर्यटकों के प्रवेश पर रोक

Tamil Nadu में बिजली गिरने से 14 की मौत, पहाड़ी इलाकों में पर्यटकों के प्रवेश पर रोक

तमिलनाडु के राजस्व मंत्री के. ए. सेंगोट्टैयन ने सोमवार को बताया कि पूर्वोत्तर मानसून की शुरुआत के बाद से आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में 14 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, तेज होती बारिश के कारण ‘रेड अलर्ट’ जारी कर दिया गया है और प्रशासन ने प्रमुख पहाड़ी पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। राज्य में मानसून राहत कार्यों के बारे में जानकारी देते हुए, सेंगोट्टैयन ने बताया कि मृतकों के परिवार को मुआवजे के तौर पर 4-4 लाख रुपये दिए गए हैं।

उन्होंने मीडिया की उन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया, जिनमें एक ही दिन में बारिश से जुड़ी 35 मौतों का दावा किया गया था। मंत्री ने स्पष्ट किया, “शेष हताहतों की संख्या प्राकृतिक है या दीवार गिरने जैसी मामूली घटनाओं के कारण हुई है जिसकी जांच संबंधित जिला कलेक्टरों द्वारा की जा रही है।”
व्यापक असर के बारे में बताते हुए, मंत्री ने कहा कि भारी बारिश के कारण नीलगिरी जिले में 62 जगह भूस्खलन हुआ, जिन पर प्रशासन की तरफ से तत्काल कार्रवाई की गयी। उन्होंने कहा कि दुखद बात यह है कि जिले में एक बस पर चट्टान गिर गई, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिचालक की हड्डी टूट गयी।

उन्होंने बताया कि सरकार ने चालक के परिवार को 4 लाख रुपये जारी किए हैं। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई पर प्रकाश डालते हुए, सेंगोट्टैयन ने बताया कि रात भर हुई भारी बारिश के कारण कोयंबटूर और तिरुप्पुर में जो जलभराव हो गया था, उसे सुबह चार बजे तक पूरी तरह से निकाल दिया गया, जिससे स्थिति सामान्य हो गई। उन्होंने मानसून के दौरान बादलों की अनिश्चित चाल की ओर भी इशारा किया और कहा, “भारी बारिश की आशंका के चलते पुडुकोट्टई में रेड अलर्ट जारी किया गया था, लेकिन वहां एक बूंद भी नहीं गिरी।” उनके अनुसार, कृषि संबंधी शुरुआती आकलन बताते हैं कि नागपट्टिनम जिले में फिलहाल 3,500 एकड़ में फसलें जलमग्न हैं।

एहतियात के तौर पर, राज्य ने बारिश कम होने तक नीलगिरी, कोडईकनाल और येरकाउड सहित पहाड़ी इलाकों में पर्यटकों के प्रवेश पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी है। सेंगोट्टैयन ने कहा, “स्थानीय लोगों को केवल सुबह छह बजे से शाम छह बजे के बीच यात्रा करने की अनुमति है, और इसके लिए उनके पास जिला कलेक्टर द्वारा जारी वैध पास होना चाहिए।”
इस बीच, लगातार बारिश के कारण डिंडीगुल जिले के कोडईकनाल के मूनजिक्कल-दोबिकाना (टोपिक्कनाल) में आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इलाके में 20 से अधिक घरों में पानी भर गया।

इसके कारण लोगों को अपना सामान और मवेशियों को बचाने के लिए रातभर जागना पड़ा। स्थानीय लोगों ने इलाके में करीब 30 साल पुराने पुल में बारिश के कारण दरारें आने पर भी चिंता जताई। यह पुल 600 से 700 परिवारों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है और सरकारी खेल मैदान तक पहुंचने का रास्ता भी है।

लोगों ने चेतावनी दी कि पुल ढहने पर इलाका अलग-थलग पड़ सकता है और एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं की पहुंच बाधित हो सकती है। उन्होंने पुल की तत्काल मरम्मत करने और उसकी ऊंचाई बढ़ाने की मांग की। इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि पड़ोसी थेनी जिले के अंडिपट्टी स्थित वैगई बांध का जलस्तर नौ महीने बाद 50 फुट तक पहुंच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *