कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में सुवेंदु आज लेंगे CM पद की शपथ, PM मोदी समेत ये हस्तियां रहेंगी मौजूद

कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में सुवेंदु आज लेंगे CM पद की शपथ, PM मोदी समेत ये हस्तियां रहेंगी मौजूद

सुवेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari sworn in Kolkata Brigade Parade Ground) को शुक्रवार को भाजपा (BJP) विधायक दल की बैठक में नेता चुन लिया गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Union Home Minister Amit Shah) ने उनके नाम का ऐलान किया। आज कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह होगा। सुबह 11 बजे सुवेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

पीएम मोदी समेत NDA के कई बड़े नेता होंगे शामिल

इस शपथ ग्रहण समारोह में PM नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, बीजेपी और गठबंधन शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार समेत कई बड़े नेता शामिल रहेंगे।

बंगाल में BJP शून्य से शिखर पर पहुंची

बीते दस साल में भाजपा ने पश्चिम बंगाल की सियासत में शून्य से शिखर तक का सफर तय किया है। भारतीय जनता पार्टी ने साल 1982 में बंगाल में पहला विधानसभा चुनाव लड़ा था। पार्टी को राज्य में खाता खोलने में 34 साल लग गए। साल 2016 में पहली बार भाजपा को 3 सीटें मिली। उस साल पार्टी ने 10.3 फीसदी वोट हासिल किया। साल 2021 में भाजपा ने 77 सीटें जीती और 38.4 मत प्रतिशत प्राप्त करके मुख्य विपक्षी दल बनी। इस बार पार्टी ने 45.84% वोट शेयर के साथ 207 सीटें हासिल कीं।

झालमुड़ी और रसगुल्ला के साथ आलू दम और काली दाल

शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। समारोह स्थल पर वॉटरप्रूफ टेंट लगे हैं, इसके अलावा मैदान में झालमुड़ी और रसगुल्ला का स्टॉल भी लगाया गया है। पंडाल को बंगाल की थीम में सजाया गया है। कार्यक्रम में एक लाख लोग आने की संभावना है। सुरक्षा में 4 हजार जवान तैनात किए जाएंगे।

वहीं, अति विशिष्ठ मेहमानों के खाने के लिए भी प्रबंध किया गया है। VIP मेहमानों के लिए लंच में आलू दम, काली दाल, पुलाव, मिक्स वेज, मसाला कुल्चा, अचार और सलाद की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा बंगाली डिश बैंगन भाजा साग और आलू पोश्तो भी परोसा जाएगा। मिठाई में गुलाब-जामुन दिया जाएगा।

शुक्रवार को सुवेंदु ने किया सरकार का दावा पेश

शुक्रवार को कोलकाता में कन्वेंशन सेंटर में आयोजित विधायक दल की बैठक में सुवेंदु को नेता चुना गया। बैठक के बाद अमित शाह ने उनके नाम का ऐलान किया। इसके बाद सुवेंदु लोकभवन में राज्यपाल से मिले और सरकार बनाने का दावा पेश किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *