नीमच सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम अरनिया मानगिर में एक 37 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक शुक्रवार शाम काम से घर लौटा था, जिसके कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शनिवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों के अनुसार, मृतक की पहचान अरनिया मानगिर निवासी शक्ति सिंह (37) पिता लक्ष्मण सिंह निर्वाण के रूप में हुई है। शक्ति सिंह शुक्रवार दोपहर किसी काम से बाहर गए थे और शाम को घर लौटे। शाम करीब 7 बजे अचानक उनकी तबीयत खराब होने लगी। घबराए परिजन उन्हें तुरंत नीमच जिला चिकित्सालय ले गए। जिला चिकित्सालय में डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद शक्ति सिंह को मृत घोषित कर दिया। शनिवार सुबह नीमच सिटी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा बनाया। डॉक्टरों द्वारा पोस्टमार्टम किए जाने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।


