सोनभद्र के घोरावल कोतवाली क्षेत्र स्थित अमिलौधा गांव में मंगलवार शाम एक बालक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। यह घटना शाम करीब 4 बजे हुई। अमिलौधा निवासी 11 वर्षीय अंशु, जो स्वर्गीय राजेश का पुत्र था, अपने घर से लगभग 100 मीटर दूर एक तालाब में तीन दोस्तों के साथ नहाने गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। जब अंशु पानी से बाहर नहीं आया, तो उसके साथ नहा रहे बच्चों ने डरकर गांव में जाकर शोर मचाया। परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत तालाब की ओर दौड़ लगाई और किसी तरह अंशु को ढूंढकर पानी से बाहर निकाला। परिजन उसे निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल ले गए, जहां डॉक्टर सुनील कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अंशु ने इसी वर्ष प्राथमिक विद्यालय अमिलौधा से पांचवीं कक्षा उत्तीर्ण की थी और वह दो भाइयों में बड़ा था। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि शव को देर शाम करीब 8 बजे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के मर्चरी हाउस भिजवाया गया।


