नानवेज मंगाने पर छात्र की पिटाई का आरोप:यूनिवर्सिटी में तीन घंटे हंगामा, सड़क पर उतरे छात्र

नानवेज मंगाने पर छात्र की पिटाई का आरोप:यूनिवर्सिटी में तीन घंटे हंगामा, सड़क पर उतरे छात्र

लखनऊ के अयोध्या रोड स्थित एक निजी यूनिवर्सिटी में शुक्रवार रात नानवेज मंगाने को लेकर विवाद हो गया। छात्रों ने वार्डन पर एक छात्र की पिटाई करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। आक्रोशित छात्र यूनिवर्सिटी परिसर से निकलकर अयोध्या रोड तक पहुंच गए और सड़क जाम करने का प्रयास किया। सूचना पर बीबीडी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के बाद मामला शांत कराया जा सका। यूनिवर्सिटी के छात्रों के मुताबिक शुक्रवार रात करीब नौ बजे एक छात्र ने होटल से नानवेज खाना मंगाया था। छात्र मेस से रोटी लेने गया था। आरोप है कि इसी दौरान वार्डन ने नानवेज को लेकर छात्र से अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर वार्डन छात्र को अपने कमरे में ले गया और उसके साथ मारपीट की। छात्रों का आरोप है कि वार्डन ने छात्र का हाथ मरोड़ते हुए उसकी पिटाई कर दी। जिससे वह घायल हो गया। छात्र किसी तरह कमरे से बाहर निकला और उसने घटना की जानकारी अन्य छात्रों को दी। इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र इकट्ठा हो गए और यूनिवर्सिटी परिसर में प्रदर्शन शुरू कर दिया। नाराज छात्रों ने यूनिवर्सिटी गेट पर भी हंगामा किया और गेट तोड़ने का प्रयास किया। कार्रवाई की मांग को लेकर छात्रों ने जमकर नारेबाजी की। देखते ही देखते छात्र अयोध्या रोड तक पहुंच गए और सड़क जाम करने की कोशिश की। सूचना मिलने पर बीबीडी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को समझाकर शांत कराया। कार्रवाई के आश्वासन के बाद रात करीब 12:30 बजे प्रदर्शन समाप्त हुआ। बीबीडी थाने के इंस्पेक्टर राम सिंह ने बताया कि मामले में अभी किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *