हरदोई में 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी:शहर और कस्बों में धूल का गुबार छा गया, पेड़ गिरे, टेंट उड़े

हरदोई में 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी:शहर और कस्बों में धूल का गुबार छा गया, पेड़ गिरे, टेंट उड़े

हरदोई में गुरुवार शाम करीब 8:30 बजे मौसम ने अचानक करवट ली। कई दिनों से 45 डिग्री सेल्सियस तापमान और भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को इससे बड़ी राहत मिली। तज हवाएं चलने लगीं और देखते ही देखते करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी ने पूरे जिले को अपनी चपेट में ले लिया। इस आंधी के कारण शहर और कस्बों में धूल का गुबार छा गया। कई स्थानों पर कुछ देर के लिए दृश्यता प्रभावित हुई, जिससे राहगीरों को सुरक्षित स्थानों की ओर जाना पड़ा। बाजारों में दुकानदारों ने आनन-फानन में अपनी दुकानें बंद कर दीं। सड़कों पर वाहन चालकों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। आंधी के तुरंत बाद तेज बारिश शुरू हो गई, जो घंटों तक रुक-रुक कर जारी रही। इस बारिश से तापमान में गिरावट आई, जिससे कई दिनों से गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली। हालांकि, इस बदले मौसम ने कई लोगों के लिए मुश्किलें भी खड़ी कीं। जिले के कई इलाकों में पेड़ गिरने की खबरें मिलीं। कुछ स्थानों पर बिजली के खंभे झुक गए और तार लटकने लगे, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कई मोहल्लों में देर रात तक अंधेरा छाया रहा। जिले में चल रहे वैवाहिक कार्यक्रमों पर भी मौसम का असर पड़ा। अचानक आई तेज आंधी से कई स्थानों पर लगाए गए टेंट उड़ गए या क्षतिग्रस्त हो गए। सजावट का सामान बिखर गया, जिससे आयोजकों को व्यवस्थाएं संभालने में भारी परेशानी हुई। मौसम वेधशाला के प्रेक्षक आरसी वर्मा ने जानकारी दी कि अगले दो दिनों तक मौसम का ऐसा ही मिजाज बने रहने की संभावना है। तेज आंधी के साथ बारिश के प्रबल आसार हैं। उन्होंने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *