पलवल में एक्सीडेंट में स्टाफ नर्स की मौत:स्कूटी पर क्लीनिक जा रही थी; रास्ते में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

पलवल में एक्सीडेंट में स्टाफ नर्स की मौत:स्कूटी पर क्लीनिक जा रही थी; रास्ते में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

पलवल के बहीन थाना क्षेत्र अंतर्गत कोट गांव के पास एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला एक निजी क्लीनिक में स्टाफ नर्स थी। मरीज को देखने जा रही थी। एक अज्ञात वाहन ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान होडल के सैनी नगर निवासी रूबी सैनी के रूप में हुई है। रूबी कोट गांव में सोमवार को अपनी स्कूटी से क्लीनिक जा रही थीं। रूबी सैनी के पति राजेश सैनी ने बताया कि जैसे ही रूबी क्लीनिक के नजदीक पहुंचीं, एक अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक खंभे से जा टकराई। इस हादसे में रूबी को गंभीर चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलते ही राजेश सैनी मौके पर पहुंचे और घायल रूबी को तुरंत होडल के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद रूबी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल पलवल की मोर्चरी में रखवाया गया। बहीन पुलिस ने पति की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस कोट गांव के चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन की तलाश कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *