जींद जिले के नरवाना में दिल्ली-पटियाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार शाम एक सड़क हादसा हो गया। पुराने बस स्टैंड के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पीछे से एक बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान बेलरका गांव निवासी विक्रम और अंकित के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक किसी काम से नरवाना आए थे। पुराने बस स्टैंड के पास पहुंचने पर एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। युवकों की हालत गंभीर, रोहतक रेफर हादसे की सूचना मिलते ही नरवाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल नरवाना ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ड्राइवर की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे की खबर मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।


