जालौन के कालपी में झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार डंपर ने लोडर वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा एचपी पेट्रोल पंप के सामने हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि लोडर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और सर्विस रोड पर पलट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर काफी तेज रफ्तार में था। हादसे के बाद लोडर पूरी तरह पलट गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि चालक की जान बच गई और उसे गंभीर चोट नहीं आई। हादसे से हाईवे पर लगा जाम दुर्घटना के बाद हाईवे पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर टरननगंज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से पलटे हुए लोडर को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य कराया गया। तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण डंपर की तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना माना जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है।


