दामाद ने लाठी से पीटकर ससुर की हत्या की:पत्नी के नेपाल जाने से नाराज था आरोपी, घरेलू विवाद में वारदात

दामाद ने लाठी से पीटकर ससुर की हत्या की:पत्नी के नेपाल जाने से नाराज था आरोपी, घरेलू विवाद में वारदात

लखीमपुर-खीरी के खीरी थाना क्षेत्र में एक घरेलू विवाद ने शुक्रवार देर रात हिंसक रूप ले लिया। हानियाँ टोला मोहल्ले में दामाद कमली ने अपने ससुर गणेश (लगभग 50 वर्ष) की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी कमली (लगभग 28 वर्ष), जो अरनिया खाना का निवासी है, अपनी पत्नी खुशबू के घर छोड़कर नेपाल चले जाने से नाराज था। खुशबू अपने भाई विमल के साथ नेपाल गई थी, जिसके कारण कमली अपने ससुराल पक्ष से आक्रोशित था। शुक्रवार रात गणेश अपने घर पर थे, तभी कमली वहां पहुंचा। परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आकर कमली ने लाठी से गणेश पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें लगने से गणेश लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही खीरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस आरोपी कमली की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी, थाना अध्यक्ष निराला तिवारी और चौकी इंचार्ज संजय कुमार यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *