IPL 2026 Final Venue News: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का खिताबी मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा। BCCI ने गुरुवार को प्लेऑफ्स के साथ साथ फाइनल मैच के लिए वेन्यू का ऐलान कर दिया। हैरान करने वाली बात ये थि कि बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम से इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के फाइनल की मेजबानी का अधिकार छीन लिया गया। जिसके बाद ये सवाल उठने लगा कि जिस ग्राउंड पर अब तक सफलतापूर्वक मैच आयोजित होते रहे हैं, जिस मैदान का फाइनल मैच को होस्ट करने का हक बनता है, उससे मेजबानी क्यों छीनी गई?
नेताओं के लिए मांगे गए थे पास!
इस सीजन का फाइनल 31 मई को बेंगलुरु में खेला जाना था, लेकिन अब यह अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित होगा। स्थानीय अधिकारियों और स्टेकहोल्डर्स की तरफ से लगातार आ रही विवादित मांगों और इंतजामों से जुड़ी चिंताओं के चलते यह फैसला लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, आईपीएल अधिकारी कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के लगातार संपर्क में थे, लेकिन बातचीत इसलिए नहीं बन सकी, क्योंकि केएससीए की कुछ मांगें ‘बहुत ज्यादा और नामंजूर करने लायक’ मानी गईं। इनमें सदस्यों और नेताओं के लिए पास की मांग भी शामिल थी।
खबरें ये भी आ रही हैं कि टिकटों की कालाबाजारी भी हो रही थी, जिसने एक बार फिर व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। आईएएनएस की रिपोर्ट के अनुसार, “आईपीएल के अधिकारी केएससीए के अधिकारियों के लगातार संपर्क में थे। लेकिन, उनकी मांगें, जिनमें सदस्यों और नेताओं के लिए पास की मांग भी शामिल थी, बहुत ज्यादा और नामंजूर करने लायक मानी गईं। टिकटों की कालाबाजारी की खबरें भी सामने आई थीं। इन्हीं वजहों से आईपीएल फाइनल का वेन्यू बेंगलुरु से बदलकर अहमदाबाद कर दिया गया।”
बता दें कि अक्सर आईपीएल का फाइल मैच मौजूदा चैंपियन टीम के घरेलू मैदान पर खेला जाता है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पिछला सीजन जीता था, ऐसे में आईपीएल 2026 के फाइनल मैच की मेजबानी एम चिन्नास्वामी स्टेडियम को ही मिलनी चाहिए थी, लेकिन बीसीसीआई ने अपने बयान में स्पष्ट किया है कि स्थानीय अधिकारियों की कुछ मांगें ‘बीसीसीआई के तय नियमों और प्रोटोकॉल के दायरे से बाहर’ थीं, इसलिए बेंगलुरु में फाइनल करवाना मुमकिन नहीं होगा।
मुल्लांपुर में होंगे 2 प्लेऑफ्स के मैच
BCCI ने एक प्रेस रिलीज में कहा, “इस सीजन का समापन 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले भव्य फाइनल के साथ होगा। यह दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है। यह एक शानदार फाइनल के लिए मंच तैयार करेगा। कुछ ऑपरेशनल और लॉजिस्टिकल वजहों से, आईपीएल 2026 के प्लेऑफ इस सीजन में एक खास मामले के तौर पर तीन जगहों पर होंगे।” प्लेऑफ की शुरुआत 26 मई को धर्मशाला में ‘क्वालीफायर 1’ से होगी। इसके बाद मुल्लांपुर 27 मई को ‘एलिमिनेटर और 29 मई को ‘क्वालीफायर 2’ भी होगा।


