Tim David Suspended for 1 Match: आईपीएल 2026 के खिताबी मुकाबले के बाद RCB के बल्लेबाज टिम डेविड पर एक मैच का बैन लगा दिया गया और 50 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगा दिया गया।
Tim David Ban for 1 IPL Match: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के खिताबी मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज टिम डेविड ने अंपायर की ओर आक्रामक तरीके से आईस बैग फेंका। जिसके बाद BCCI ने उनपर एक मैच के बैन लगा दिया। अब वह अगले सीजन (IPL 2027) में टीम के लिए पहला मैच नहीं खेल पाएंगे। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना भी लगा और साथ में 2 डिमेरिट प्वाइंट भी दिए गए।
‘लेवल 1’ के उल्लंघन का दोषी पाए गए डेविड
डेविड आईपीएल 2026 के फाइनल के दौरान ‘आचार संहिता’ के ‘लेवल 1’ के उल्लंघन का दोषी पाए गए हैं, जिसके चलते उनके खाते में दो डिमेरिट अंक जुड़े हैं। डेविड ने रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल मैच के दौरान 17 गेंदों में 24 रन बनाए थे, उन्हें ‘आचार संहिता’ के अनुच्छेद 2.9 के उल्लंघन का दोषी पाया गया। यह अनुच्छेद ‘मैच के दौरान किसी खिलाड़ी, टीम अधिकारी, अंपायर, मैच रेफरी या किसी अन्य तीसरे व्यक्ति की ओर अनुचित और/या खतरनाक तरीके से गेंद (या क्रिकेट के किसी अन्य उपकरण, जैसे पानी की बोतल) फेंकने’ से संबंधित है।
फाइनल मुकाबले के दौरान पहली पारी के 10वें ओवर में एक विकेट गिरने के बाद, डेविड ने मैदान पर मौजूद अंपायर नितिन मेनन की दिशा में आक्रामक तरीके से ‘आइस बैग’ फेंका। मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ ने यह सजा तब सुनाई जब डेविड ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए सजा मान ली। सीजन में डेविड का यह तीसरा ‘लेवल-1’ का अपराध था। इससे पहले उन्होंने सीजन के 20वें मैच के दौरान भी उल्लंघन किया था, जिसके लिए उन पर एक डिमेरिट प्वाइंट का जुर्माना लगा था, और मैच 54 में भी उनसे गलती हुई, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें दो डिमेरिट प्वाइंट मिले थे। इस ताजा सजा के साथ, डेविड के अब कुल 5 डिमेरिट प्वाइंट्स हो गए हैं।
5 डिमेरिट प्वाइंट्स होने पर झेलना पड़ता है बैन
आईपीएल की ‘आचार संहिता’ के नियमों के अनुसार, 5 डिमेरिट प्वाइंट्स होने पर खिलाड़ी एक मैच के लिए निलंबित होता है। यही वजह है कि टिम डेविड अगले सीजन अपनी टीम का पहला आईपीएल मैच नहीं खेल सकेंगे। आईपीएल 2026 में डेविड ने 16 मुकाबलों में 305 रन बनाए थे।
हालांकि अच्छी खबर ये है कि डेविड को जुर्माने का भुगतान नहीं करना पड़ेगा। क्योंकि आईपीएल फ्रेंचाइजी अपने खिलाड़ियों के जुर्माने की राशि अपने खाते से भरती हैं, ताकि खिलाड़ियों को अतरिक्त बोझ न आए। टिम डेविड की आईपीएल 2026 में एक मैच की फीस 7.50 लाख रुपए है। हालांकि 50 प्रतिशत मैच के हिसाब से जुर्माने की राशि 3 लाख 75 हजार रुपए होती है, जो RCB भरेगी।
Sports – Patrika | CMS




Even Tim David is surprised with that shot 