सिरसा की स्नेहा ने एशियाई सवाते चैंपियनशिप में जीता गोल्ड:काठमांडू की खिलाड़ी को हराया, गांव लौटने पर हुआ भव्य स्वागत, ग्रामीणों ने दी बधाई

सिरसा की स्नेहा ने एशियाई सवाते चैंपियनशिप में जीता गोल्ड:काठमांडू की खिलाड़ी को हराया, गांव लौटने पर हुआ भव्य स्वागत, ग्रामीणों ने दी बधाई

सिरसा जिले के डबवाली खंड के ग्राम गंगा स्थित गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल की दसवीं कक्षा की छात्रा स्नेहा ने नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित सातवीं एशियन सवाते (फ्रेंच बॉक्सिंग) चैंपियनशिप 2026 में स्वर्ण पदक जीता है। 30 अप्रैल से 4 मई तक चली इस प्रतियोगिता के फाइनल में स्नेहा ने मेजबान काठमांडू को हराकर यह उपलब्धि हासिल की। जीत के बाद लौटने पर उप तहसील गोरीवाला पहुंचने पर स्नेहा का भव्य स्वागत किया गया। गांव के सीनियर सेकेंडरी स्कूल में ग्राम पंचायत, गणमान्य लोगों, विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ ने बेटी की जीत पर बधाई दी। इस दौरान स्नेहा को फूलों और नोटों की माला पहनाकर आशीर्वाद दिया। स्नेहा के परिजन भी बेटी की जीत की खबर सुनकर बेहद उत्साहित थे। खुली जीप में बैठाकर निकाला विजयी जुलूस स्नेहा को खुली जीप में बैठाकर विजयी जुलूस निकाला गया। गांव लौटते समय उप तहसील के भीमराव अंबेडकर चौक पर भी भारी संख्या में लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्नेहा के उज्जवल भविष्य की कामना की। इसके बाद, मोड़ी गांव में भी ग्राम पंचायत, गणमान्य लोगों और स्कूल के बच्चों ने उसका जोरदार स्वागत किया। जब खिलाड़ी स्नेहा का काफिला उसके शिक्षण संस्थान पहुंचा, तो सहपाठियों ने जयघोष के नारे लगाए और पुष्पवर्षा कर उसका अभिनंदन किया। प्रिंसिपल बोले- खेल प्रतिभा पर दिया जा रहा ध्यान विद्यालय के प्रिंसिपल प्रेम सुथार ने बताया कि स्कूल में शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल प्रतिभा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अच्छे पीटीआई और कोच के मार्गदर्शन में इसी विद्यालय के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतकर लौट रहे हैं। इस अवसर पर बीईओ राजेंद्र जाखड़, सरपंच हरचरण सिंह, सरपंच प्रतिनिधि जयपाल सिंह बग्गी, जगदीश माहर, एडवोकेट धीरज महारुद्रा, पीटीआई कालू राम और पीटीआई उत्तम चंद सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। यहां देखें फोटो…

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *