नरेंद्र मोदी स्टेडियम में और घातक हो जाते हैं शुभमन गिल, अब तक 3 शतक के साथ जड़ चुके हैं 7 अर्धशतक

नरेंद्र मोदी स्टेडियम में और घातक हो जाते हैं शुभमन गिल, अब तक 3 शतक के साथ जड़ चुके हैं 7 अर्धशतक

RCB vs GT IPL 2026 Final: गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने इस सीजन 722 रन तो बनाए ही हैं, साथ ही अहमदाबाद में उनका रिकॉर्ड भी शानदार रहा है और अब तक 3 शतकों के साथ 7 अर्धशतक भी लगा चुके हैं। 

Shubman Gill At Narendra Modi Stadium: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में अब से कुछ ही देर में आईपीएल 2026 का खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। इस मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना गुजरात टाइटंस से होगा। दोनों टीमों ने इस सीजन शानदार प्रदर्शन किया है मैच से पहले किसी को भी जीत का प्रबल दावेदार नहीं कहा जा सकता है लेकिन शुभमन गिल की फॉर्म और इस मैदान पर उनका रिकॉर्ड कहीं न कहीं RCB फैंस की सांसे अटका सकता है।

अहदाबाद में गरजता है गिल का बल्ला

इस सीजन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर मौजूद शुभमन गिल को अहमदाबाद का मैदान खूब रास आता है। जीटी के होम ग्राउंड पर गिल ने अब तक 31 पारियों में 162 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 1,374 रन बनाए हैं। वह इस मैदान पर 3 शतक और 7 अर्धशतक लगा चुके हैं। नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में गिल का सबसे बड़ा स्कोर 129 रन रहा है। आरसीबी के लिए चिंता की बात यह भी है कि गुजरात टाइटंस के कप्तान की मौजूदा फॉर्म भी शानदार चल रही है।

दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में शुभमन गिल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अकेले दम पर जीटी को जीत दिलाई थी। गिल ने 53 गेंदों में 104 रनों की लाजवाब पारी खेली थी। अपनी इस इनिंग में शुभमन ने 15 चौके और 3 छक्के लगाए थे।

इस सीजन बना चुके हैं 722 रन

आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में गिल दूसरे नंबर पर हैं। वह इस सीजन खेले 15 मुकाबलों में 163 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 722 रन बना चुके हैं। ऐसे में अगर आरसीबी को अपने खिताब का बचाव करना है, तो गिल को फाइनल में जल्द से जल्द पवेलियन भेजना होगा।

पहले क्वालीफायर में गिल का बल्ला आरसीबी के खिलाफ पूरी तरह से खामोश रहा था और वह सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हुए थे। पहले क्वालीफायर में जीटी को आरसीबी के खिलाफ 92 रनों की बड़ी हार झेलनी पड़ी थी। अपने घरेलू मैदान पर जीटी पिछली हार का हिसाब चुकता करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। गुजरात टाइटंस ने अहमदाबाद में अब तक 22 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से टीम को 15 में जीत नसीब हुई है। नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में इस सीजन खेले 7 मुकाबलों में से जीटी ने 5 मैच जीते हैं, जबकि 2 में टीम को हार का सामना करना पड़ा है।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *