कोटपूतली के पावटा स्थित बाबा भूतनाथ मंदिर जोहड़ा धाम पर नौ दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा और 21 कुण्डीय श्री रुद्र महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ हो गया है। कथा का आयोजन पावटा के सुभाष चौक स्थित केशव सागर धर्मशाला से भव्य कलश शोभायात्रा के साथ किया गया। यह आयोजन टोरडा धाम महंत मंगलदास महाराज, भूतनाथ मंदिर जोहड़ा धाम महंत जयराम दास महाराज और प्रख्यात कथावाचक डॉ. राम महाराज पाठक के सानिध्य में हो रहा है। कलश यात्रा में हजारों की संख्या में मातृशक्ति और श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर केशव सागर धर्मशाला से बाबा भूतनाथ जोहड़ा धाम तक नगर भ्रमण पर निकले। सुबह 7 बजे से रूद्र महायज्ञ कलश यात्रा के दौरान जयकारों, भजन-कीर्तन, बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों से पूरा नगर शिवमय हो उठा। शोभायात्रा में पूज्य साधु-संत रथों पर सवार थे, वहीं भक्तगण संगीतमय भजनों की धुन पर नृत्य करते हुए चल रहे थे। आयोजन समिति के कार्यकर्ताओं ने बताया कि आज से प्रतिदिन सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक श्री रुद्र महायज्ञ और दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक शिव महापुराण कथा का वाचन होगा। सभी धर्म प्रेमी बंधुओं से प्रतिदिन कार्यक्रम में पधार कर कथा श्रवण करने की अपील की गई है। 9 दिवसीय विराट संगीतमय शिव महापुराण कथा का समापन 11 मई को बाबा भूतनाथ जोहड़ा धाम मंदिर में विशाल भंडारे के साथ होगा।


