कोंडागांव शहर के कालीबाड़ी मंदिर परिसर में मंगलवार, 9 अप्रैल को वार्षिक शीतला पूजा और काली पूजा का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने माता शीतला का पूजन कर सुख-शांति और आरोग्य की कामना की। सुबह घट स्थापना के साथ पूजा का शुभारंभ हुआ। मंदिर के मुख्य पुजारी ने लोक कल्याण और जनस्वास्थ्य की मंगलकामना के लिए माता की आराधना करवाई। ऐसी मान्यता है कि माता शीतला की पूजा से रोगों से मुक्ति मिलती है और घर-परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहती है। मंदिर समिति ने शुरू की मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना इस धार्मिक आयोजन के साथ मंदिर समिति ने “मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना” की भी शुरुआत की। इस योजना के तहत कोंडागांव जिले के बंज समाज के उन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने वर्ष 2026 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। चयनित छात्रों को क्रमशः ₹5000 और ₹3000 की आर्थिक सहायता के साथ प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। समिति के अध्यक्ष प्रहलाद शील ने बताया कि माता शीतला जहां आरोग्य की प्रतीक हैं, वहीं शिक्षा समाज को मानसिक और बौद्धिक रूप से सशक्त बनाती है। इसी सोच के साथ मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने का यह संकल्प लिया गया है। योजना के प्रथम चरण में चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। 12 बजे मंत्रोच्चारण के साथ काली पूजा का शुभारंभ मध्यरात्रि 12 बजे विशेष मंत्रोच्चारण के साथ काली पूजा का शुभारंभ हुआ, जो देर रात तक जारी रही। अगले दिन प्रातः 5 बजे पुष्पांजलि अर्पित की गई, जिसके बाद सैकड़ों श्रद्धालुओं ने महाभोग प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के सदस्यों, समाजसेवियों और महिला समूहों का विशेष योगदान रहा। इस आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ शिक्षा और समाज सेवा के संदेश को भी मजबूती प्रदान की।


