उज्जैन में आज से शिप्रा तीर्थ परिक्रमा शुरू:गंगा दशमी पर CM डॉ. मोहन यादव अर्पित करेंगे 351 फीट लंबी चुनरी

उज्जैन में आज से शिप्रा तीर्थ परिक्रमा शुरू:गंगा दशमी पर CM डॉ. मोहन यादव अर्पित करेंगे 351 फीट लंबी चुनरी

उज्जैन में आज से दो दिवसीय शिप्रा तीर्थ परिक्रमा और गंगा दशमी महोत्सव का शुभारंभ होगा। “जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 26 मई को मां शिप्रा को 351 फीट लंबी चुनरी अर्पित करेंगे, साथ ही भारतीय नौसेना बैंड भी प्रस्तुति देगा। यह आयोजन 25 और 26 मई को होगा। पिछले 22 वर्षों से आयोजित हो रही यह परिक्रमा अब धार्मिक आस्था के साथ जल संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता का भी बड़ा अभियान बन चुकी है। “जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत यह कार्यक्रम शिप्रा लोक संस्कृति समिति, महाराजा विक्रमादित्य शोध पीठ, उज्जैन विकास प्राधिकरण, रामघाट तीर्थ पुरोहित समाज और जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। परिक्रमा यात्रा आज सुबह रामघाट से शुरू होगी। इसमें श्रद्धालु शिप्रा तट पर स्थित विभिन्न पौराणिक तीर्थों के दर्शन-पूजन करेंगे। बड़ी संख्या में साधु-संत, श्रद्धालु और जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। गंगा दशमी के अवसर पर 26 मई को शाम 5 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मां शिप्रा को 351 फीट लंबी चुनरी अर्पित करेंगे। इस दौरान भक्ति संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण पहली बार होने वाली भारतीय नौसेना बैंड की प्रस्तुति रहेगी। प्रसिद्ध गायिका मैथिली ठाकुर भी अपनी टीम के साथ भक्ति संगीत प्रस्तुत करेंगी। आयोजन का मुख्य उद्देश्य शिप्रा नदी और अन्य जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है। परिक्रमा में एक पर्यावरण दल भी शामिल होगा, जो रास्ते में बीजारोपण करेगा। इसके अतिरिक्त, एक विशेष पुरातत्व दल यात्रा के दौरान शिप्रा नदी से जुड़े ऐतिहासिक और पुरातात्विक पहलुओं का अध्ययन करेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *