क्राइम मीटिंग के बाद थानेदारों के फेरबदल की जिस सूची का पुलिस कर्मियों को इंतजार था, वह मंगलवार शाम को जारी हुई, जिसमें सात थानेदारों के नाम शामिल हैं। डेढ़ महीना पहले पहले ही अनवरगंज से किदवई नगर थाने भेजे गए इंस्पेक्टर अशोक कुमार दुबे को अब गोविंद नगर का प्रभार सौंपा गया है। जबकि एक दिन पहले ही विराट नगर चौकी प्रभारी बने मनीष कुमार सिंह को अब कोहना थानाध्यक्ष बनाया गया है। चमनगंज इंस्पेक्टर संजय राय को हटाया गया पुलिस कमिश्नर कार्यालय से जारी इस तबादला सूची के अनुसार चमनगंज इंस्पेक्टर संजय राय को हटा कर गोविंद नगर इंस्पेक्टर रिकेश कुमार सिंह को चमनगंज थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं क्राइम ब्रांच में तैनात इंस्पेक्टर केशव तिवारी को कल्याणपुर थाने की जिम्मेदारी देकर भेजा गया है, यहां थाना प्रभारी रहे संतोष कुमार सिंह निजी कारणों से अवकाश पर गए हैं। विनय तिवारी बने अरौल थाना प्रभारी वहीं अरौल थाना प्रभारी रहे जनार्दन सिंह को कलक्टरगंज थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि कलक्टरगंज में रहे विनय तिवारी अब अरौल के नए थानाध्यक्ष होंगे। सेन पश्चिम पारा थाने के दरोगा विजय सिंह को किदवई नगर थानाध्यक्ष बनाकर भेजा गया है। कोहना थानाध्यक्ष रहे प्रतीक सिंह का तबादला एटीएस में होने के बाद से थानेदार की कुर्सी खाली थी।


