शाहजहांपुर में मजार में तोड़फोड़, कब्र की जाली तोड़ी:चादर जलाने का आरोप, मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश

शाहजहांपुर में मजार में तोड़फोड़, कब्र की जाली तोड़ी:चादर जलाने का आरोप, मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश

शाहजहांपुर में रात के अंधेरे में एक मजार के अंदर तोड़फोड़ की गई है। अज्ञात व्यक्तियों ने मजार की जाली तोड़ दी और चादर को जला दिया। रविवार को घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया है और तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह घटना थाना सदर बाजार क्षेत्र के चिनौर तिराहा स्थित कैंट रोड पर मौजूद तकिया पीर बाबा मजार में हुई। मजार की देखरेख करने वाले चिनौर निवासी मोहम्मद अहमद उर्फ चांद मियां ने पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि बीती रात अज्ञात व्यक्ति मजार में घुस आया और जाली तोड़ दी। उन्होंने आरोप लगाया कि मजार के ताबीज को भी पीछे की ओर झुका दिया। चांद मियां ने अपनी शिकायत में कहा कि अज्ञात व्यक्तियों ने समाज में माहौल खराब करने की कोशिश की है। सामने आए वीडियो में मजार के अंदर कब्र के ऊपर लगी जाली और कब्र के पीछे लगा तकिया टूटा हुआ दिख रहा है। मजार के पास जली हुई राख भी मिली है, जिससे आशंका है कि मजार में चढ़ाई गई चादर को जलाया गया था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ सिटी पंकज पंत ने बताया कि मजार में तोड़फोड़ की सूचना मिली है और रात में यह घटना हुई है। पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर ली है और उसके आधार पर एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *