Ahmedabad. गुजरात में शुक्रवार को गर्मी ने तीखे तेवर दिखाए। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को झुलसाने का काम किया। अहमदाबाद समेत कई शहरों में तापमान 42 डिग्री से ऊपर पहुंच गया। सबसे अधिक गर्मी अमरेली में दर्ज हुई, जहां पारा 43.3 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा।
अहमदाबाद, वडोदरा, राजकोट, अमरेली समेत कई शहरों में तपिश इतनी तेज रही कि कई मार्गों पर अन्य दिनों की तुलना में कम आवाजाही देखने को मिली। अहमदाबाद में कई जगहों पर सड़क पर डामर पिघलता देखा गया।गुजरात में शुक्रवार को भीषण गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। अहमदाबाद में अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से लगभग 2 डिग्री अधिक रहा।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि शनिवार को भी तटीय इलाकों में लू और उमस की स्थिति रहेगी। अगले तीन दिनों तक तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना है, जिसके बाद हल्की गिरावट हो सकती है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा और अगले सात दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है।मौसम विभाग ने बढ़ती गर्मी के बीच लोगों को सतर्कता बरतने की भी हिदायत दी है। जिसमें कहा गया है कि बेवजह लोग घरों से न निकलें। आवश्यकता होने पर धूप से बचाव के उपाय कर घरों से निकलने की भी सलाह दी है।
शहरों का तापमान
अमरेली 43.3 डिग्री
राजकोट 43.1 डिग्री
सुरेंद्रनगर 43.0 डिग्री
अहमदाबाद 42.1 डिग्री
कांडला एयरपोर्ट 42.0 डिग्री
केशोद 42.0 डिग्री
वडोदरा 41.6 डिग्री
गांधीनगर 41.5 डिग्री
भुज 41.4 डिग्री


