अमेठी के जगदीशपुर में एक स्कूल वैन और कार की टक्कर हो गई। इस हादसे में स्कूल वैन में सवार बच्चे बाल-बाल बच गए, हालांकि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। वैन में मौजूद एक टीचर को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। यह घटना जगदीशपुर थाना क्षेत्र के श्रीरामगंज चौराहे पर हुई। टक्कर में वाहन संख्या UP 32 GT 8014 कार, जिसे बज्जू पांडे मवई चला रहे थे, और जीबीएस कॉन्वेंट स्कूल, अचलपुर की वैन (वाहन संख्या UP 36 T 4469), जिसे भगोली चला रहे थे। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि टक्कर के समय गाड़ियों की रफ्तार कम थी, जिससे बच्चों और कार चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
थाना प्रभारी धीरेंद्र यादव ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था संबंधी कोई समस्या नहीं है। अभी तक किसी भी पक्ष द्वारा कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्यवाही की जाएगी। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क के किनारे हटवा दिया है, जिससे आवागमन सुचारू रूप से चल रहा है।


