पन्ना जिले के शाहनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार, 23 अप्रैल को एक 55 वर्षीय व्यक्ति ने मोबाइल टावर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना बोरी रोड पर स्थित एक एयरटेल टावर पर सुबह के समय हुई, जिसके बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान नत्थू प्रजापति (55 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बोरी रोड, शाहनगर के निवासी थे। परिजनों के अनुसार, नत्थू प्रजापति पिछले लंबे समय से मानसिक अस्वस्थता से जूझ रहे थे, जिसके कारण उनका व्यवहार असामान्य रहता था। घर से शौच के लिए निकले थे मृतक के पुत्र मदन प्रजापति ने बताया कि उनके पिता प्रतिदिन की तरह सुबह शौच के लिए घर से निकले थे। जब वे काफी देर तक घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान ग्रामीणों ने बोरी रोड स्थित एयरटेल नेटवर्क टावर पर एक शव को रस्सी के फंदे से लटका देखा, जिसकी शिनाख्त बाद में नत्थू प्रजापति के रूप में हुई। सूचना मिलते ही शाहनगर थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को टावर से नीचे उतरवाया। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले के हर पहलू की सूक्ष्मता से जांच कर रही है।


