प्रतापगढ़ के थाना कंधई क्षेत्र अंतर्गत बिजरा तिगड़ी मोड़ पर शुक्रवार को एक स्कूली बस और बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। बाइक चालक अमर सिंह पटेल पुत्र अच्छेलाल पटेल तेज रफ्तार में जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही स्कूली बस से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमर सिंह पटेल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के समय बस में स्कूली बच्चे भी सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी बच्चे सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई। वहीं, घटना के तुरंत बाद बस चालक अपना वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार बस चालक की तलाश कर रही है।


