भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने शुक्रवार को ग्राहकों को भरोसा दिया कि उनके खाते में जमा राशि और धन सुरक्षित हैं। बैंक ने साथ ही कहा कि उसने डार्क वेब पर व्यक्तिगत रूप से पहचान योग्य जानकारी वाले 3,897 ग्राहक रिकॉर्ड के संदिग्ध खुलासे की जांच शुरू कर दी है। एसबीआई ने बुधवार को कहा था कि वह अपने जोखिम खुफिया सेवा प्रदाता, रक्षा साइबर एजेंसी और साइबर सुरक्षा एजेंसी सीईआरटी-इन से 16 अक्टूबर को मिली चेतावनी के बाद संदिग्ध डेटा खुलासे की जांच कर रहा है।
बैंक ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, हम दोहराते हैं कि आपके खाते की शेष राशि और धन हमारे पास सुरक्षित हैं। एसबीआई ने ग्राहकों को सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग तौर-तरीकों का पालन करने की सलाह दी और उन्हें किसी के भी साथ अपने ओटीपी, पिन या पासवर्ड साझा नहीं करने को कहा। बैंक ने ग्राहकों से संदिग्ध कॉल, संदेशों और ईमेल के प्रति सतर्क रहने का भी आग्रह किया।
उसने कहा, हाल की साइबर घटना के संबंध में पिछली पोस्ट के बाद, बैंक ने व्यक्तिगत रूप से उन सभी ग्राहकों को ईमेल और व्हाट्सएप के माध्यम से सूचित कर दिया है जिनसे जुड़ी जानकारी इसमें शामिल पायी गयी थी। एसबीआई ने बुधवार को कहा था कि डार्क वेब पर उपलब्ध लगभग 3.75 लाख रिकॉर्ड के प्रारंभिक विश्लेषण से 3,897 ऐसे ग्राहक रिकॉर्ड की पहचान हुई जिनमें पंजीकृत मोबाइल नंबर, जन्म तिथि, नाम, लिंग, ईमेल पते और आवासीय पते सहित संवेदनशील जानकारी शामिल थी।

