सहारनपुर में फायरिंग मामले पर थाने में हंगामा:10 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं, पीड़ित परिवार ने लगाए लापरवाही के आरोप

सहारनपुर में फायरिंग मामले पर थाने में हंगामा:10 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं, पीड़ित परिवार ने लगाए लापरवाही के आरोप

सहारनपुर के गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के चौरा खुर्द गांव में हुए हमले और फायरिंग के मामले में पीड़ित परिवार ने रविवार को थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया। परिवार ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। भारतीय कश्यप एकता क्रांति संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष अनुज कश्यप के नेतृत्व में पहुंचे परिजनों ने पुलिस पर मामले में लीपापोती करने का आरोप भी लगाया। थाने में पीड़ित परिवार के सदस्यों और थाना प्रभारी के बीच बहस भी हुई। परिजनों ने बताया कि घटना को 10 दिन बीत चुके हैं, लेकिन नामजद आरोपी अभी भी गांव में खुलेआम घूम रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि पुलिस की धीमी कार्रवाई के कारण परिवार में डर का माहौल है। अनुज कश्यप ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस जल्द आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती है, तो उनका संगठन बड़े स्तर पर आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को केवल आश्वासन मिल रहे हैं, जबकि वे लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं। पीड़ित परिवार के अनुसार, यह घटना 20 मई की रात को हुई थी। मजदूरी के विवाद को लेकर गांव के कुछ लोगों ने नीतिश और अंकुश पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों, धारदार हथियारों और तमंचे का इस्तेमाल किया। इस हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, उनके सिर में चोटें आई हैं। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, जिससे गांव में दहशत फैल गई। इस मामले में गागलहेड़ी थाने में रविंद्र, वैभव, नितिन, सागर, आदित्य, गौरव, गोपी और सुमित सहित कई लोगों के खिलाफ शिकायत के आधार पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित पक्ष ने घायलों का दोबारा मेडिकल परीक्षण कराने की मांग भी की, जिस पर थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया। थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। और आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *