RR vs DC Match Highlights: दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच इंडियन प्रीमियर लीग का 43वां मुकाबला शुक्रवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में आरआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 225 रन स्कोर बोर्ड पर लगाए। इसके जवाब में डीसी ने तीन विकेट के नुकसान पर पांच गेंद शेष रहते लक्ष्य का हासिल करते हुए सात विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। 9 में से 4 मुकाबले जीतकर डीसी एक स्थान की छलांग लगाते हुए छठे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि आरआर 10 में से 4 मैच गंवाकर चौथे स्थान पर बनी हुई है। विशाल स्कोर बनाने के बावजूद इस हार के लिए कप्तान रियान पराग ने खासतौर पर अपने गेंदबाजों को दोषी ठहराया, जिन्होंने जमकर रन लुटाए।
‘हमने यहां थोड़ी चूक कर दी’
मैच के बाद रियान पराग ने कहा कि मुझे लगता है कि यह एक अच्छा स्कोर था। पिच थोड़ी धीमी होने वाली थी, लेकिन हम बीच के ओवरों में और भी बेहतर गेंदबाजी कर सकते थे, उन्हें बहुत ज़्यादा रन बनाने का मौका नहीं देना चाहिए था। फिर एक ही ओवर में बहुत सारी बाउंड्री लगीं और ऐसा बार-बार हुआ। इसलिए मुझे लगा कि हमने यहां थोड़ी चूक कर दी, लेकिन हमने जो फ़ैसला लिया, उसमें कोई बुराई नहीं थी।
फरेरा को ऊपर नहीं भेजने के फैसले को लेकर कही ये बात
फरेरा को ऊपर नहीं भेजने के फैसले को लेकर उन्होंने कहा कि यह असल में एक लेफ्टी को उतारने का आइडिया था। शायद छह-सात ओवर बाकी थे, या आठ-नौ ओवर बाकी थे? हम इसे थोड़ा टालना चाहते थे, स्पिनरों से लगभग 8 या 9 रन बनाना चाहते थे और फिर पहली ही गेंद से तेज गेंदबाजी का सामना करना चाहते थे। यही प्लान था, इसके बारे में ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं है।
अपनी चोट पर दिया ये अपडेट
वहीं, अपनी चोट पर अपडेट देते हुए पराग ने कहा कि उम्मीद है कि यह ज्यादा गंभीर नहीं है, बस हैमस्ट्रिंग में थोड़ी तकलीफ है। शुक्र है कि हमारे पास लगभग एक हफ़्ते का ब्रेक है, इसलिए हम इसे ठीक कर लेंगे। अपनी बल्लेबाज़ी को लेकर उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि मुझे किसी आलोचक या इस बारे में बात करने वाले किसी भी व्यक्ति को जवाब देने की ज़रूरत है। लेकिन, आखिर में मेरा काम टीम को दो पॉइंट दिलाना है। इसलिए अगर हम मैच हार जाते हैं, तो मेरा स्कोर और मेरी पारी कोई मायने नहीं रखती।




