Road-Bridge Project: कोटा में यहां बनेगा लिंक रोड और स्टील ब्रिज, सड़क भी होगी चौड़ी; 5 लाख लोगों को मिलेगा सीधा फायदा

Kota Infra News: कोटा शहर के लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र की करीब पांच लाख आबादी को जल्द ही सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलने वाली है। शहर के पुराने क्षेत्रों में शामिल छावनी में दाईं मुख्य नहर के पास लिंक रोड का निर्माण किया जाएगा। इससे लगभग एक लाख लोगों को सीधी सड़क कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही, छावनी से बजरंग नगर की ओर जाने के लिए एक स्टील ब्रिज भी बनाया जाएगा। इसके अलावा, थेगड़ा से रायपुरा तक सड़क को चौड़ा किया जाएगा, जिसे पहले से 80 फीट सड़क के रूप में प्रस्तावित किया गया था।

कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) की ओर से लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र में लगभग 80 करोड़ रुपए की लागत से सड़क और पुलिया निर्माण कार्य कराए जाएंगे। इनमें कोटड़ी से 80 फीट रोड तक नहर किनारे लिंक रोड, रायपुरा चौराहे से थेगड़ा तक सड़क चौड़ीकरण, शिवपुरी धाम के सामने दाईं मुख्य नहर पर समानांतर पुलिया तथा कैथून-सांगोद रोड पर नदी पर पुलिया निर्माण शामिल है। इसके साथ ही उम्मेदगंज से डाढ़देवी तक बनी सड़क का लोकार्पण भी किया जाएगा।

कोटड़ी से 80 फीट रोड तक मिलेगी कनेक्टिविटी

कोटड़ी से दाईं मुख्य नहर के किनारे 80 फीट रोड तक 1700 मीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी। वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए नहर के किनारे सुरक्षा दीवार भी बनाई जाएगी। इस योजना पर लगभग 30 करोड़ रुपए खर्च होंगे। यहां एक स्टील ब्रिज का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे कोटड़ी से छावनी तक सीधी कनेक्टिविटी स्थापित होगी।

इससे छावनी बाजार के मुख्य मार्ग पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और कोटड़ी क्षेत्र के लोगों को सीधे 80 फीट रोड तक पहुंचने में सुविधा होगी। दूसरे चरण में इस सड़क को श्रीराम नगर-डाढ़देवी रोड तक जोड़ने का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है।

रायपुरा चौराहे से थेगड़ा पुलिया तक टू-लेन सड़क

रायपुरा चौराहे से थेगड़ा पुलिया तक सड़क का चौड़ीकरण कर इसे टू-लेन बनाया जाएगा। इससे कोटा शहर से सांगोद जाने वाले लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

करीब 28 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली इस सड़क के लिए अतिक्रमण हटाया जाएगा। इस परियोजना से सैकड़ों कॉलोनियों के निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। वहीं, रायपुरा नाले की पुलिया को डबल करने का कार्य अंतिम चरण में है।

Kota Development Project
दायीं मुख्य नहर पर यहां बनेगी नई पुलिया।

थेगड़ा में समानांतर पुलिया का निर्माण

थेगड़ा स्थित मौजूदा पुलिया के पास दाईं मुख्य नहर पर एक और दो-लेन पुलिया बनाई जाएगी। इससे यहां लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। नई पुलिया बनने के बाद आवागमन के लिए अलग-अलग मार्ग उपलब्ध होंगे। इसके साथ ही दोनों ओर की सड़कों को भी चौड़ा किया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 5.58 करोड़ रुपए खर्च होंगे।

उम्मेदगंज से डाढ़देवी रोड का लोकार्पण

उम्मेदगंज से डाढ़देवी मंदिर तक सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से 5.39 करोड़ रुपए की लागत से बनाई गई सड़क का लोकार्पण किया जाएगा। इससे उम्मेदगंज, डाढ़देवी और चरण चौकी जाने वाले लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

Kota Development Project
थेकड़ा से रायपुरा तक यहां चौड़ी की जाएगी सड़क।

कैथून नदी पर बनेगी आरसीसी पुलिया

कैथून-सांगोद रोड पर कैथून नदी पर आरसीसी पुलिया का निर्माण किया जाएगा। इससे बरसात के दौरान होने वाली समस्याओं से राहत मिलेगी और यातायात निर्बाध रूप से संचालित हो सकेगा। इस पुलिया के निर्माण पर लगभग 15.97 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।

21 अप्रेल को शिलान्यास व लोकार्पण

लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र में लगभग 80 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण 21 अप्रेल को किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे थेगड़ा स्थित शिवपुरी धाम के पास आयोजित होगा। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और लाडपुरा विधायक कल्पना देवी उपस्थित रहेंगे।

विकास के लिए रोड कनेक्टिविटी सबसे जरूरी

विकास के लिए रोड कनेक्टिविटी सबसे जरूरी होती है। लिंक रोड बनने से छावनी क्षेत्र के लोगों को बड़ा फायदा होगा। रायपुरा और थेगड़ा सड़क चौड़ी होने से आवागमन सुगम होगा। लोकसभा अध्यक्ष के प्रयासों से लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र को विकास कार्यों की सौगात मिलने जा रही है।
-कल्पना देवी विधायक लाडपुरा

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *