बेकनगंज में करंट लगाकर हत्या के आरोप पर पुलिस ने कब्र से शव निकलवा कर पोस्टमार्टम भेजा। नई सड़क निवासी महिला की 9 दिन पहले मौत हुई थी। बकरीद के दिन उसका शव दफनाया गया। मायके वालों का आरोप है कि उनकी बेटी को दामाद और एक महिला ने पीटने के बाद करंट लगाकर हत्या की है। घटना के दो दिन बाद मृतका की 6 साल की बेटी ने भी पिता पर मां को पीटने का आरोप लगाया था। रविार को मृतका का पोस्टमार्टम किया जाएगा। 2007 में हुआ था निकाह अनवरगंज के आलम मार्केट निवासी निशा कौसर की 2007 में नई सड़क के रिजवी रोड निवासी सिलाई कारीगर इंतजार अहमद से निकाह हुआ था। इंतजार के दो बेटियां व दो बेटे हैं। निशा के भाई आमिर अहमद का आरोप है कि बहनोई अक्सर बहन को पीटते थे। पहले भी कई बार पीटकर घायल किया था। उन्होंने बताया कि 27 मई की शाम बहन को बकरीद की खरीदारी कराकर उसके ससुराल छोड़कर आए थे। उस दिन निशा की बड़ी बेटी अदीबा उनके घर पर थी। भांजा इमरान नामाज पढ़ने और दूसरा जीशान एसी का काम सीखने गया था। छह वर्षीय भांजी अरबिया घर पर थी। शाम को अदीबा को लेने निशा मायके आने वाली थी। इसके लिए उसने छोटी बहन को फोन भी किया था। मौत के बाद पति और महिला किराएदार मिला गायब कुछ देर बाद जब उसने निशा को फोन मिलाया तो इमरान ने रोते हुए बताया कि मां को करंट लगा है और उनकी मौत हो गई। आरोप है कि घटना की खबर पाकर जब वह लोग पहुंचे तो बहनोई इंतजार और उनकी किराएदार महिला घर से गायब मिले। मायके वालों ने उन्हीं दोनों पर हत्या का आरोप लगाया है। बेकनगंज थाना प्रभारी मतीन खान ने बताया कि महिला के मायकेवालों ने ही शव दफनाया था। पुलिस को मौत की सूचना तक नहीं दी गई थी। अब पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर हत्या का आरोप लगाया और जांच की मांग की है। शनिवार को कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम भेजा गया है।


