IPL 2026 KKR vs RR Highlights: राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ रिंकू सिंह ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली और टीम को सीजन की पहली जीत दिलाई।
Rinku Singh Finish Against RR in IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स को आखिरी ओवर में हराकर कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2026 की पहली जीत हासिल की। इस मुकाबले में आखिरी ओवर तक उतार चढ़ाव देखने को मिला लेकिन रिंकू सिंह ने मैच खत्म कर के ही दम लिया। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 155 रन बनाए। 156 रन के लक्ष्य को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 2 गेंद पहले 6 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।
वैभव सूर्यवंशी ने खेली शानदार पारी
इस मुकाबले की बात करें तो कोलकाता के ईडन गार्डन्स में अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। राजस्थान रॉयल्स को वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने तेजतर्रार शुरुआत दिलाई और 8 ओवर में 79 रन बना दिए। इसके बाद वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन की फिरकी के आगे राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाज फंसने लगे और 124 रन तक आधी टीम पवेलियन लौट गई। वैभव सूर्यवंशी 46 रन बनाकर आउट हुए। लगातार विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा और राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 155 रन बनाए।
कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए वरुण चक्रवर्ती ने सबसे शानदार गेंदबाजी की और चार ओवर में 14 रन देकर 3 विकेट चटकाए। वहीं, सुनील नरेन ने चार ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट झटके। इसके अलावा कार्तिक त्यागी को भी 3 सफलताएं मिलीं।
KKR को फिर मिली खराब शुरुआत
156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत बेहद खराब रही और दोनों सलामी बल्लेबाज बिना खाता खोले आउट हो गए। अंगकृष रघुवंशी भी कुछ खास नहीं कर सके और सस्ते में पवेलियन लौट गए। इसके बाद रोवमन पावेल और कैमरन ग्रीन ने टीम की पारी संभाली और जीत की उम्मीदें जगाईं, लेकिन ग्रीन रवि बिश्नोई की वाइड गेंद पर स्टंप आउट हो गए। इसके बाद कोलकाता की जीत मुश्किल लगने लगी थी।
हालांकि, अनुकूल रॉय ने रिंकू सिंह के साथ मिलकर शानदार साझेदारी की और टीम को जीत दिला दी। यह इस सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स की पहली जीत है। रिंकू सिंह ने 34 गेंदों में 53 रन की पारी खेली, तो अनुकूल रॉय ने 16 गेंदों में 29 रन की तूफानी पारी खेली। इस जीत के साथ उनकी प्लेऑफ की उम्मीदें अभी भी बनी हुई हैं। टीम को अभी 7 और मैच खेलने हैं और प्लेऑफ में पहुंचने के लिए उन्हें सभी मुकाबले जीतने होंगे।
Sports – Patrika | CMS





Spinners spinning 