बुरहानपुर के शहरी क्षेत्र से सटे आजाद नगर में पिछले छह माह से पेयजल संकट बना हुआ है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में रहवासी पूर्व विधायक ठाकुर सुरेंद्र सिंह शेरा भैया के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। वार्ड-16 में दो माह से ठप है पानी की आपूर्ति ऐमागिर्द ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले आजाद नगर के वार्ड क्रमांक-16 में पिछले दो माह से पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद है। इससे क्षेत्र के लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे पहले भी कई बार कलेक्ट्रेट में शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। लगातार पानी की कमी के कारण लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। कलेक्टर ने आज ही पानी छोड़ने का आश्वासन दिया पूर्व विधायक ठाकुर सुरेंद्र सिंह शेरा भैया ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया। कलेक्टर ने आज ही क्षेत्र में पानी की आपूर्ति शुरू कराने का आश्वासन दिया है। पानी खरीदने और टैंकर मंगाने को मजबूर लोग आजाद नगर स्थित काला ताजमहल क्षेत्र के निवासी शफीक खान ने बताया कि क्षेत्र में पिछले छह माह से पानी की समस्या बनी हुई है, जबकि पिछले दो माह से स्थिति बेहद गंभीर हो गई है। उन्होंने कहा कि कई बार हफ्ते या 15 दिन में एक बार पानी आता है, जिसके कारण लोगों को बाजार से पानी खरीदना पड़ रहा है या निजी टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। रहवासियों ने प्रशासन से नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने और क्षेत्र की पानी की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।


