छतरपुर जिले में नौतपा के चौथे दिन गुरुवार शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली। कई दिनों से भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे लोगों को तेज आंधी, बारिश और हल्की ओलावृष्टि से बड़ी राहत मिली। शाम के समय तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया। बीते कई दिनों से बुंदेलखंड क्षेत्र भीषण गर्मी की चपेट में था। जिले में पारा 46 से 47 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच रहा था। मौसम विभाग ने पहले ही 28 मई को आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया था, जो गुरुवार शाम सही साबित हुआ। सुबह से तेज धूप और उमस ने किया बेहाल
गुरुवार सुबह से ही तेज धूप और उमस ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया था। भीषण गर्मी और लू के चलते दोपहर बाद सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोग गर्म हवाओं से बचने के लिए घरों में कैद रहे। शाम होते-होते आसमान में अचानक काले बादल छा गए। इसके बाद तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। छतरपुर शहर, हरपालपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में हल्की ओलावृष्टि भी हुई। बारिश के चलते लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली। जलभराव, बिजली सप्लाई भी प्रभावित
अचानक बदले मौसम के कारण जिले के कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। वहीं तेज हवा और बारिश के चलते कुछ जगहों पर बिजली आपूर्ति भी प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक मौसम में इसी तरह बदलाव बना रह सकता है। आंधी और बारिश के चलते लोगों को भीषण गर्मी से आंशिक राहत मिलने की संभावना जताई गई है।


