अलीगढ़ में बुधवार को मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आ रहा है। पिछले कई दिनों से 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा रहे पारे पर बादलों ने ब्रेक लगा दिया है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और स्थानीय स्तर पर बादलों के छाने से अधिकतम तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। 39 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है तापमान मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को पारा 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। बीती रात न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में 13 से 16 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे उमस से राहत मिली है। हवा में नमी का स्तर लगभग 38% बना हुआ है। पहड़ों पर हलचल से बदला मौसम मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पहाड़ों पर हो रही हलचल और मैदानी इलाकों में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण धूल भरी हवाएं और बादल छाये हुए हैं। हालांकि तेज बारिश की संभावना कम है, लेकिन बूंदाबांदी या गरज के साथ छींटे पड़ने के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार शाम तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। रात के समय हवा की गति बढ़ सकती है। गुरुवार से एक बार फिर सूरज के तेवर तल्ख हो सकते हैं। मंगलवार को टूटा चार वर्षों का रिकॉर्ड अलीगढ़ में मंगलवार को गर्मी ने बीते चार वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वर्ष 2023 से 2025 के बीच इसी अवधि में तापमान 32 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा था। डीएस कॉलेज के भूगोल विभागाध्यक्ष प्रो. अवनीश सिंह ने कहा कि कंक्रीट के बढ़ते जंगलों और घटते वास्तविक वन क्षेत्र के कारण भारत के कई शहर दुनिया के सबसे गर्म स्थानों में शामिल हो गए हैं।


