संभल में दो दिन की बारिश के बाद तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले आठ दिनों से मौसम सुहावना बना हुआ है, जिससे आम जनता को भीषण गर्मी से राहत मिली है। शुक्रवार सुबह 8 बजे जनपद संभल का तापमान 28 डिग्री सेल्सियस था। इस दौरान 8 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलीं और धूप भी निकली। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 117 दर्ज किया गया।आज का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जो गुरुवार के 34 डिग्री सेल्सियस से 1 डिग्री अधिक है। हालांकि, अप्रैल महीने में दर्ज किए गए अधिकतम 47 डिग्री सेल्सियस तापमान की तुलना में यह 12 डिग्री सेल्सियस कम है। अप्रैल में 15 से 20 दिनों तक सुबह 9 बजे से ही तेज धूप और झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही थी। मौसम विभाग के अनुसार, आज बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। मई महीने में हुई लगातार बारिश से मेंथा और पानी वाली फसलों की खेती करने वाले किसानों को काफी लाभ पहुंचा है। बिजली की ट्रिपिंग के कारण फसलों की सिंचाई में आ रही बाधाओं के बीच यह बारिश फायदेमंद साबित हुई है। इससे पहले हुई ओलावृष्टि और बारिश से आलू, गेहूं, मक्का और सरसों जैसी फसलें खराब हो गई थीं। गांव कबीर की सराय निवासी आलम हुसैन ने बताया कि उनकी आलू की फसल खराब हो गई थी, लेकिन अब बोई गई कुछ सब्जियों वाली फसलों को बारिश से फायदा हुआ है। स्थानीय निवासी भारत कुमार ने कहा कि इस महीने की शुरुआत से ही मौसम सुहावना होने से लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। पिछले महीने सुबह से ही भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा था।


