GT के सामने 20 ओवर भी नहीं टिक पाई RCB, जैसन होल्डर की वजह से हुआ सबसे ज्यादा नुकसान

GT के सामने 20 ओवर भी नहीं टिक पाई RCB, जैसन होल्डर की वजह से हुआ सबसे ज्यादा नुकसान

IPL 2026 GT vs RCB Update: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुरुवार को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 42वें मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ जीत के लिए 156 रनों का लक्ष्य रखा है। आरसीबी इस मुकाबले को जीतकर पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर पहुंचने के इरादे से उतरी है। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी आरसीबी की टीम 19.2 ओवर में 155 रन पर सिमट गई। टीम को जैकब बेथेल और विराट कोहली की सलामी जोड़ी ने संभली हुई शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 16 गेंदों में 34 रन की साझेदारी की।

35 पर दोनों सलामी बल्लेबाज हुए आउट

जैकब बेथेल 5 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अगले ही ओवर में टीम ने विराट कोहली का विकेट भी गंवा दिया, जो 13 गेंदों में 6 बाउंड्री की मदद से 28 रन बनाकर आउट हुए। आरसीबी ने 3.2 ओवर में 35 रन के स्कोर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो दिए थे। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल ने कप्तान रजत पाटीदार के साथ मोर्चा संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 26 गेंदों में 44 रन की साझेदारी की।

पाटीदार 15 गेंदों में 1 छक्का और 2 चौकों की मदद से 19 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद पडिक्कल ने छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। हालांकि, दूसरे छोर पर जितेश शर्मा (1), टिम डेविड (9) और क्रुणाल पांड्या (4) उनका अच्छा साथ नहीं दे सके। सातवें विकेट के लिए पडिक्कल ने रोमारियो शेफर्ड के साथ 21 गेंदों में 30 रन जोड़े।

देवदत्त पडिक्कल 24 गेंदों में 40 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी में 2 छक्के और 5 चौके शामिल रहे। वेंकटेश अय्यर ने भुवनेश्वर कुमार के साथ 9वें विकेट के लिए 30 गेंदों में 29 रन जोड़कर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। वेंकटेश ने 12 रन बनाए, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने 15 रन का योगदान दिया। गुजरात टाइटंस की ओर से अरशद खान ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए, जबकि जेसन होल्डर और राशिद खान ने 2-2 विकेट हासिल किए। मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

होल्डर के नाम खास रिकॉर्ड

इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस के ओर से एक पारी में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में जैसन होल्डर का नाम जुड़ गया। इससे पहले राशिद खान, शाहरुख खान, अरशद खान और शुभमन गिल ने 3-3 कैच लपककर ये कारनामा किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *