संभल में एक दलित युवती की बारात में बाबा भीमराव अंबेडकर के गाने बजाने को लेकर लोगों ने विरोध किया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। यह बाद में मारपीट में बदल गई। घटना में दुल्हन पक्ष के 8 से 10 लोग घायल हो गए। यह घटना संभल जनपद की चंदौसी तहसील के थाना बनियाठेर क्षेत्र के अल्लीपुर बुजुर्ग गांव में हुई। गांव निवासी तेजपाल पुत्र लाखन की बेटी की बारात 29 अप्रैल की शाम करीब 05:30 बजे अकबरपुर चितौरी गांव से अल्लीपुर बुजुर्ग पहुंची थी। बारात गांव में पोस्ट ऑफिस के मोड़ से गुजर रही थी। आरोप है कि टाटा मैजिक पर लगे डीजे साउंड पर बाबा भीमराव अंबेडकर के गाने बज रहे थे, जिसका रामबहादुर पुत्र पाती, अजय पुत्र खेमपाल, अमन पुत्र सुभाष, बबलू पुत्र दीनू और प्रेमपाल पुत्र जगतपाल ने विरोध किया। इन पर दलित समाज के लोगों से मारपीट करने का भी आरोप है। झगड़े के कई वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें छत पर खड़े एक युवक के हाथ में डंडा दिख रहा है और नीचे खड़े लोग आपस में झगड़ रहे हैं। कार्यवाहक थाना प्रभारी रोशन सिंह ने बताया कि अल्लीपुर बुजुर्ग गांव में बारात के दौरान हुए झगड़े के संबंध में दुल्हन के पिता तेजपाल की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। तेजपाल सिंह ने बताया कि झगड़े के बाद पुलिस गांव पहुंच गई थी। पुलिस की सुरक्षा में बेटी की शादी संपन्न हुई और अगली सुबह बारात को विदा किया गया। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


