Raveena Tandon mother house robbery: बॉलीवुड एक्ट्रेस रवीना टंडन के परिवार से जुड़ा एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। रवीना टंडन की मां के घर से करीब 25 लाख रुपये की चोरी हो गई हैं। इस हाई-प्रोफाइल चोरी के मामले में जुहू पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है।
यह पूरी घटना मुंबई के पॉश इलाके जुहू में हुई है। पूरी घटना में सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि चोरी का आरोप किसी अजनबी पर नहीं, बल्कि पिछले कई सालों से परिवार की बेहद करीबी और भरोसेमंद रही एक महिला पर लगा है। पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान 47 साल की राशि छाबड़िया के रूप में की है।
रवीना टंडन की मां के घर हुई चोरी (Raveena Tandon mother house robbery)
जुहू पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी राशि छाबड़िया साल 2020 से ही रवीना टंडन की मां के घर आ-जा रही थी। वह घर पर बुजुर्ग मां की देखभाल करने और उनका हाथ बंटाने का काम करती थी। पिछले करीब छह सालों में उसने अपनी सेवा और व्यवहार से टंडन परिवार का दिल जीत लिया था और उनका उस पर अटूट विश्वास हो गया था। इसी भरोसे के कारण घर के हर कमरे और तिजोरी तक राशि की आसान पहुंच हो गई थी। आरोप है कि इसी अंधविश्वास का फायदा उठाकर राशि की नीयत डोल गई और उसने घर की मुख्य तिजोरी को अपना निशाना बना लिया। उसने तिजोरी में रखे सोने और हीरे के कीमती गहनों के साथ-साथ दो बेहद महंगी घड़ियों पर भी हाथ साफ कर दिया।
पहले बनी रही अनजान, फिर कबूला जुर्म (Raveena Tandon Juhu house theft case)
कुछ दिनों बाद जब परिवार को घर से कीमती जेवरात और घड़ियां गायब होने का अहसास हुआ, तो हर तरफ हड़कंप मच गया। पुलिस में जाने से पहले परिवार ने अपने स्तर पर घर के स्टाफ और राशि छाबड़िया से पूछताछ की। शुरुआत में राशि ने खुद को पूरी तरह मासूम दिखाते हुए किसी भी तरह की चोरी की बात से साफ इनकार कर दिया। लेकिन जब परिवार को उस पर शक हुआ और कुछ पुख्ता सबूत सामने आए, तो वह अपने बयानों से पलटने लगी। इसके बाद बिना देरी किए रवीना टंडन के परिवार ने जुहू पुलिस स्टेशन में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राशि को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने बरामद की घड़ियां, रवीना ने साधी चुप्पी (Raveena Tandon jewellery stolen Juhu)
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने राशि से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके पास से चोरी की गई महंगी घड़ियां बरामद कर ली हैं, लेकिन सोने और हीरे की ज्वेलरी की तलाश अभी भी जारी है। जुहू पुलिस इस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोरी किए गए लाखों के गहने आरोपी ने कहां छिपाए हैं या फिर उन्हें किसे बेचा है। साथ ही पुलिस रिकॉर्ड भी खंगाल रही है कि कहीं राशि ने पहले भी किसी और के घर ऐसी वारदात को अंजाम तो नहीं दिया। इस पूरे मामले पर फिलहाल अभिनेत्री रवीना टंडन या उनके परिवार की तरफ से कोई भी आधिकारिक या सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया है।


