रामपुर पुलिस ने चार वाहन चोर पकड़े:अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, छह मोटरसाइकिलें बरामद

रामपुर पुलिस ने चार वाहन चोर पकड़े:अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, छह मोटरसाइकिलें बरामद

रामपुर पुलिस ने एक अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना टांडा पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रामपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को थाना टांडा पुलिस जटपुरा पुलिया पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दढ़ियाल की ओर से बिना नंबर प्लेट की दो काली मोटरसाइकिलों पर चार युवक आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर आरोपी बाइक मोड़कर भागने लगे। शक होने पर पुलिस टीम ने पीछा कर जटपुरा पुलिया से करीब पचास कदम दूरी पर चारों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्की (निवासी सहसपुरी, थाना डिलारी, मुरादाबाद), अभय कांत (निवासी मकरपुरी, थाना स्योहरा, बिजनौर), आकाश (निवासी आलमपुरी, थाना स्योहरा, हाल काशीपुर, उधम सिंह नगर) और राजू सिंह (निवासी मकरपुरी, थाना स्योहरा, बिजनौर) के रूप में हुई। ई-चालान ऐप से चेक पुलिस ने जब दोनों मोटरसाइकिलों के चेसिस नंबर ई-चालान ऐप से चेक किए तो वे चोरी की निकलीं। पूछताछ में आरोपियों ने जसपुर और आसपास के क्षेत्रों से बाइक चोरी करना कबूल किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चार और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। आरोपियों ने बताया कि वे अलग-अलग स्थानों से बाइक चोरी कर उन्हें ऊंची कीमतों पर बेचते थे और मिली रकम आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना टांडा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सत्यम कुमार और ऋषभ पुंडीर सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *