Rakul Preet National Park Controversy: बॉलीवुड अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘पति, पत्नी और वो दो’ को लेकर चर्चा में हैं। लेकिन इसी बीच उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद नया विवाद खड़ा हो गया। वीडियो में रकुल गिर नेशनल पार्क के पास सफारी वाहन से बाहर नजर आईं, जिसे देखकर लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए कि क्या उन्होंने जंगल के नियमों का उल्लंघन किया है।
रकुल के वीडियो ने मचाया बवाल (Rakul Preet National Park Controversy)
दरअसल, गिर नेशनल पार्क और सासन अभयारण्य जैसे संरक्षित इलाकों में पर्यटकों को सफारी के दौरान गाड़ी से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होती। ऐसे में जैसे ही रकुल का वीडियो सामने आया, सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। कई लोगों ने अभिनेत्री पर नियमों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। हालांकि कुछ ही घंटों बाद वन विभाग की तरफ से पूरे मामले पर सफाई भी सामने आ गई।
अधिकारियों ने साफ की स्थिति
अधिकारियों ने साफ किया कि वायरल वीडियो सफारी के प्रतिबंधित क्षेत्र के अंदर का नहीं था। उनके मुताबिक वीडियो एंट्री पॉइंट के बाहर शूट किया गया था, जहां सामान्य आवाजाही की अनुमति होती है। वन विभाग ने कहा कि रकुल ने संरक्षित जंगल क्षेत्र में प्रवेश ही नहीं किया था, इसलिए नियम तोड़ने का सवाल ही नहीं उठता।
फिल्म की टीम के साथ पहुंची थीं रकुल
जानकारी के मुताबिक रकुल अपनी फिल्म की टीम के साथ प्रमोशनल एक्टिविटी के लिए गिर पहुंची थीं। उनके साथ आयुष्मान खुराना, वामिका गब्बी और बाकी टीम के सदस्य भी मौजूद थे। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में बाकी कलाकार सफारी जीप में बैठे दिखाई दिए, जबकि रकुल बाहर नजर आईं। इसी वजह से इंटरनेट यूजर्स ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया।
वन अधिकारियों ने बताया कि नेशनल पार्क के अंदर जाने से पहले रकुल की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। इसी कारण उनकी टीम उन्हें वापस लेकर चली गई और उन्होंने सफारी क्षेत्र में प्रवेश नहीं किया। अधिकारियों ने दोबारा दोहराया कि अभिनेत्री ने किसी भी तरह के वन्यजीव नियम का उल्लंघन नहीं किया है।
वीडियो में क्या कुछ नजर आया?
वीडियो में रकुल कुछ परेशान नजर आ रही थीं। थोड़ी देर बाद उन्हें कुछ लोगों और पुलिस अधिकारियों के साथ वहां से बाहर ले जाया गया। यही क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और लोगों ने बिना पूरी जानकारी के अभिनेत्री को निशाने पर लेना शुरू कर दिया।
रकुल प्रीत सिंह की फिल्म ‘पति पत्नी और वो 2’ जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में उनके साथ आयुष्मान खुराना, सारा अली खान और वामिका गब्बी भी दिखाई देंगी। यह फिल्म साल 2019 में आई ‘पति पत्नी और वो’ का सीक्वल है। फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के बाद से ही इसकी कहानी और कॉमेडी को लेकर चर्चा तेज है।


